लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
25 स्थानों पर होगा हनुमान चालीसा पाठ, ‘हर घर संपर्क—एक लक्ष्य’ अभियान को लेकर बनी रणनीति
नागौर। (प्रदीप कुमार डागा) अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद की केंद्रीय संगठन मंत्री माला बहन एवं प्रदेश अध्यक्ष भंवरलाल चौधरी ने सोमवार को नागौर जिले का दौरा किया। इस दौरान संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में देशभर में चलाए जा रहे ‘हर घर संपर्क—एक लक्ष्य’ अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। संगठन की ओर से करीब 25 लाख हिंदू परिवारों से संपर्क करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पदाधिकारियों ने अभियान को जमीनी स्तर तक पहुंचाने और अधिक से अधिक परिवारों को इससे जोड़ने पर जोर दिया।
नवरात्रि में हर घर शस्त्र पूजन की योजना
बैठक में आगामी नवरात्रि पर्व के दौरान हर घर में शस्त्र पूजन कराने की योजना पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही देशभर में एक लाख हनुमान चालीसा पाठ आयोजित करने के लक्ष्य को लेकर कार्यकर्ताओं को जानकारी दी गई।
नागौर शहर में अभियान के तहत करीब 25 स्थानों पर प्रत्येक सप्ताह मंगलवार या शनिवार को हनुमान चालीसा पाठ आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए अलग-अलग स्थानों पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई।
बूथ और वार्ड स्तर तक पहुंचाने पर जोर
पदाधिकारियों ने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में संगठनात्मक एकजुटता, धार्मिक जागरूकता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। कार्यकर्ताओं से अभियान को बूथ और वार्ड स्तर तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया गया।
बैठक में राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष लीलम चंद रामावत, महामंत्री राकेश भाटी, उपाध्यक्ष मूलचंद भाटी, कोषाध्यक्ष सुरेश गौड़, रामविलास गहलोत, जितेंद्र सांखला एडवोकेट, फॉर्म अध्यक्ष जोगेंद्र सांगवा सहित राष्ट्रीय बजरंग दल के अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
अभियान को सफल बनाने का लिया संकल्प
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन के आगामी कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर सफल बनाने और अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क अभियान को निरंतर गति देने और संगठन की गतिविधियों को स्थानीय स्तर तक मजबूत करने की अपील की।
