लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा, राजसमंद।
गलवा से कालीमंगरी जाने वाली सड़क इन दिनों गड्ढों और पानी से भरे हिस्सों के कारण लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। जगह-जगह टूटे मार्ग पर सफर करना ग्रामीणों के लिए खतरनाक साबित हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले डेढ़-दो साल से सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। डामरीकरण को सालों बीत गए, अब हालत यह है कि “गड्ढों में सड़क है या सड़क में गड्ढे” — पहचानना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीण बाबूलाल लोहार ने बताया कि सड़क इतनी टूटी है कि बाइक से गुजरना भी खतरे से खाली नहीं, कई लोग गिरकर घायल हो चुके हैं। घनश्याम टेलर ने कहा कि गलवा-खजुरिया गैस एजेंसी से लेकर कालीमंगरी तक सड़क का हाल बेहाल है, पर विभाग ध्यान नहीं दे रहा।
यह मार्ग अत्यंत व्यस्त है — रोज़ाना सैकड़ों लोग, स्कूल के बच्चे और किसान इसी रास्ते से आते-जाते हैं।
पीडब्ल्यूडी विभाग आमेट के एईएन राकेश कुमार मीणा ने बताया कि बारिश के कारण सड़क भीगी हुई है, पर एक सप्ताह के भीतर पेचवर्क कार्य करवाया जाएगा।
ग्रामीणों को उम्मीद है कि यह आश्वासन केवल कहने भर का न रहे और जल्द सड़क की मरम्मत कर उन्हें राहत मिले।