लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
70वीं जिला एवं राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ी कर रहे नियमित अभ्यास
पादूकलां, नागौर। 70वीं जिला एवं राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026 को लेकर पादूकलां क्षेत्र के डोडियाना में जूनियर हैंडबॉल टीम के खिलाड़ियों की तैयारियां तेज हो गई हैं। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डोडियाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 17 वर्षीय जूनियर हैंडबॉल टीम के खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट और आवश्यक खेल सामग्री वितरित की गई। खेल सामग्री मिलने से खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान सिकंदर मोहम्मद, राम अवतार, सेवाराम, बाबू, योगेंद्र, सेफ अली और लवकुश सहित अन्य खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट एवं खेल सामग्री दी गई।
विद्यालय के उप प्रधानाचार्य डॉ. सोहनलाल जाट ने बताया कि टीम प्रभारी भवानी सिंह के नेतृत्व में खिलाड़ी प्रतियोगिता की तैयारी के लिए नियमित अभ्यास कर रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, मेहनत और खेल भावना के साथ मैदान में उतरकर बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
ग्रामीण प्रतिभाओं को संसाधनों की जरूरत
कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और ग्रामीणों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराने की है। खेल सामग्री मिलने से खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास में सुविधा मिलेगी और उनकी प्रतिभा को निखारने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर राजेंद्र कुमार टेलर, गजेंद्र सिंह, अंबालाल, सुरजीत सिंह, हनुमानराम, मेवाराम, सुनील टेलर, महेंद्र कुमार, राकेश लोट और कैलाश मेहरा सहित विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
वहीं पूर्व खिलाड़ी मोनू गुर्जर, रवि गिवारिया, टीम ट्रेनर कैलाश देवाल, पप्पू गुर्जर, सुरेश कुमार और गौतम प्रजापत सहित ग्रामीणों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
फिलहाल खिलाड़ियों का लक्ष्य 70वीं जिला एवं राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर डोडियाना का नाम रोशन करना है।
