लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ब्रेकर पर उछली बाइक और सड़क पर गिरा
हेलमेट नहीं पहन रखा था, सिर में गंभीर चोट; प्राथमिक उपचार के बाद अलवर किया गया रेफर
कठूमर, अलवर। (संजीव बंसल) बाइक चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करना एक युवक को भारी पड़ गया। लक्ष्मणगढ़ बाईपास से खेरली मार्ग पर एक स्कूल के पास बने ब्रेकर पर बाइक उछलने से युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर अलवर रेफर कर दिया गया।
पुलिस थाने के एएसआई उमरदीन ने बताया कि बड़ीका निवासी सतीश (35) पुत्र भजनलाल मीणा बाइक से खेरली की ओर जा रहा था। इसी दौरान वह बाइक चलाते हुए मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। लक्ष्मणगढ़ बाईपास से खेरली मार्ग पर एक स्कूल के पास बने ब्रेकर पर बाइक उछल गई। इससे सतीश का संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक सहित सड़क पर गिर गया।
हेलमेट नहीं पहन रखा था
हादसे के समय युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। गिरने के कारण उसके सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अलवर रेफर कर दिया।
PWD ने बताया- मानकों के अनुसार बना है ब्रेकर
हादसे के बाद ब्रेकर को लेकर भी सवाल उठे हैं। इस संबंध में सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता विशाल गोयल ने बताया कि ब्रेकर सड़क की चौड़ाई के बराबर है और इसकी लंबाई निर्धारित डेढ़ से ढाई फीट के मानकों के अनुसार बनाई गई है।
