लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजस्व, स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा, ऊर्जा सहित विभिन्न विभागों ने मौके पर किए कार्य; ग्रामीणों को एक ही स्थान पर मिली सरकारी योजनाओं का लाभ।
ओमप्रकाश चौधरी | स्थानीय संवाददाता
पीसांगन (अजमेर)।
पीसांगन उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत डोडियाना में सोमवार को जन कल्याण अभियान के तहत आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में आमजन की समस्याओं का मौके पर ही त्वरित निस्तारण किया गया। शिविर में 22 विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्रकरणों का समाधान किया।
शिविर का आयोजन शिविर प्रभारी एवं उपखंड अधिकारी (एसडीएम) राजीव बड़गूजर के सानिध्य में हुआ। इस दौरान तहसीलदार भागीरथ चौधरी, विकास अधिकारी महेंद्र कुमार मालाकार, अतिरिक्त विकास अधिकारी चन्द्रनारायण चौधरी तथा प्रशासक मेहता चीता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
विभिन्न विभागों ने दिए लाभ
एसडीएम राजीव बड़गूजर ने बताया कि शिविर में राजस्व विभाग के 89, खाद्य सुरक्षा के 22, पंचायत राज के तहत 14 पट्टों का वितरण तथा 5 सोखता गड्ढों की स्वीकृति दी गई। इसके अलावा राजीविका के 7, ऊर्जा विभाग के 17, पीएचईडी के 18, शिक्षा विभाग के 23, समाज कल्याण विभाग के 15, आयोजना विभाग के 9 तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से जुड़े 7 प्रकरणों का निस्तारण किया गया।
इसके साथ ही 15 पात्र लोगों के रोडवेज बस यात्रा पास भी बनाए गए।
स्वास्थ्य एवं पशुपालन सेवाओं का मिला लाभ
शिविर में चिकित्सा विभाग की ओर से 183 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। वहीं पशुपालन विभाग ने 90 पशुपालकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया। आयुर्वेद एवं भारतीय चिकित्सा पद्धति के तहत 50 लोगों का उपचार भी किया गया।
योजनाओं की दी जानकारी
एसडीएम राजीव बड़गूजर ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुरूप शिविर में ग्रामीणों को विकसित भारत जन-जन योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर देते हुए महिलाओं को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही मानसून पूर्व तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
एक ही स्थान पर मिली कई विभागों की सेवाएं
शिविर में पंचायती राज, राजस्व, ग्रामीण विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, ऊर्जा, आयुर्वेद सहित कई विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिलने से ग्रामीणों ने शिविर को उपयोगी बताते हुए संतोष व्यक्त किया।



















































