लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)।
जयपुर ।भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोमवार को उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कार्यकर्ता सुनवाई कार्यक्रम के तहत प्रदेशभर से आए कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुना। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति मिर्धा और प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल भी उपस्थित रहे।
उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने बताया कि सुनवाई में विभिन्न क्षेत्रों से कई प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश को संबंधित विभागों को कार्रवाई हेतु भेज दिया गया। कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क कर त्वरित समाधान का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में कार्यकर्ता और जनता की समस्याओं की सुनवाई नियमित रूप से की जा रही है, जबकि कांग्रेस सरकार में यह लगभग बंद रही।
यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि आज लगभग 150 कार्यकर्ता अपनी शिकायतें लेकर आए। उन्होंने बताया कि विकास कार्य, अतिक्रमण और प्रशासनिक समस्याओं से जुड़े प्रकरणों का संबंधित अधिकारियों से अध्ययन कर समाधान किया जाएगा। खर्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस बिना पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आरक्षण लागू किए चुनाव करवाना चाहती है, जबकि कोर्ट की स्पष्ट प्रक्रिया को पूरा करना आवश्यक है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “अब कांग्रेसियों के पेट में क्या दर्द है, इसका मुझे पता नहीं, ना तो मैं चिकित्सक, ना वैद्य और ना ही हकीम।”
भाजपा कार्यालय सचिव मुकेश पारीक ने बताया कि 9 दिसंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा और ऊर्जा मंत्री हीरा लाल नागर कार्यकर्ता सुनवाई करेंगे। इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता गैना और प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगडी भी उपस्थित रहेंगे। कार्यकर्ता अपने मंडल अध्यक्ष, जिला या प्रदेश पदाधिकारी की अनुशंसा से परिवाद प्रस्तुत कर सकते हैं।