लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)।
जय गोविंदा टीम भीलवाड़ा की ओर से रीठ विद्यालय में जरूरतमंद बालक-बालिकाओं को सर्दी से बचाव के लिए 156 जर्सियां वितरित की गईं। इस अवसर पर सरपंच योगिता-बनवारी शर्मा की ओर से बच्चों के लिए श्रीकृष्ण भोग का भी आयोजन किया गया।
विद्यालय की संस्था प्रधान निशा क्षोत्रिय ने बताया कि जर्सियां वितरण में भामाशाह राधेश्याम तोषनीवाल, सुरेश तोषनीवाल, दिलीप काष्ट और देवराज खटीक ने योगदान दिया। साथ ही विद्यालय को 10 बैग और दरिया भेंट किए गए। बच्चों ने गर्म वस्त्र पाकर खुशी जताई और उनके चेहरे पर मुस्कान देखकर उपस्थित सभी ने भामाशाह का धन्यवाद किया।
भामाशाह राधेश्याम तोषनीवाल ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा करना पुण्य का कार्य है और देश के भविष्य बच्चों के कल्याण में सहयोग करना हमारा कर्तव्य है। सुरेश तोषनीवाल ने कहा कि निःस्वार्थ सेवा ईश्वर सेवा के समान है और इससे मन को अपार संतोष मिलता है। उन्होंने भविष्य में भी विद्यालय और विद्यार्थियों के सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर सरपंच योगिता बनवारी शर्मा ने बच्चों के लिए विविध पारंपरिक व्यंजन परोसे और कहा कि यह आयोजन न केवल बच्चों में धार्मिक व सांस्कृतिक जुड़ाव बढ़ाने का माध्यम है, बल्कि आपसी सहयोग की मिसाल भी पेश करता है।
कार्यक्रम में गोविंदा टीम के सदस्य कृष्ण गोपाल जाखेटिया, सत्यनारायण शर्मा, पुष्कर पंचोली, राकेश आचार्य, शंकर मूंदड़ा, रमेश सिंधी भी उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी का आभार व्यक्त किया।
