लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में वाराणसी से शुरू हुई यात्रा; मंदिर में विधि-विधान से मंगल कलश की स्थापना
चौमहला, झालावाड़। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में वाराणसी से प्रारंभ हुई मंगल कलश रथ यात्रा के चौमहला पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने आत्मीय स्वागत किया। यात्रा झालावाड़-बारां लोकसभा क्षेत्र के डग विधानसभा क्षेत्र में पहुंची, जहां भाजपा मंडल चौमहला-उन्हेल और नागेश्वर मंडल के कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
यह यात्रा ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत निकाली जा रही है। चौमहला पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने यात्रा का स्वागत करते हुए संत गुरु रविदास जी महाराज के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। 
रविदास मंदिर में मंगल कलश की स्थापना
मंगल कलश रथ यात्रा के चौमहला पहुंचने के बाद कुम्हार मोहल्ला स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास जी मंदिर में मंगल कलश को विधि-विधानपूर्वक विराजित किया गया। इस दौरान मंदिर में पूजन-अर्चन किया गया और श्रद्धालुओं ने संत रविदास जी महाराज के श्रीचरणों में श्रद्धापूर्वक नमन किया।
पूजन के दौरान प्रदेश की सुख-समृद्धि, सामाजिक समरसता और जनकल्याण की मंगलकामना की गई।
समरसता और मानवता का संदेश
कार्यक्रम में संत गुरु रविदास जी महाराज के विचारों और उनके सामाजिक संदेश को याद किया गया। उनके समता, बंधुत्व, मानवता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया गया।
आयोजकों ने कहा कि संत रविदास जी महाराज का शाश्वत संदेश समाज को सदैव एकता, समरसता और लोककल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा। मंगल कलश रथ यात्रा के माध्यम से भी सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।