लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
राजस्थान के चार प्रतिभागियों सहित देश-विदेश के 45 प्रतिष्ठित कलाकारों की कृतियों का किया प्रदर्शन
भीलवाडा। (पंकज पोरवाल) 26 अप्रेल से 29 अप्रेल तक शांतिनिकेतन, पश्चिम बंगाल में आयोजित हुए कलर विंग्स 16वें इंटरनेशनल आर्ट एक्सपो में भीलवाड़ा की बेटी व कलाकार दीपिका पाराशर की कृति को बेस्ट आर्टिस्ट के लिए चयन कर पुरस्कृत किया गया। जानकारी के अनुसार इस एक्सपो में भीलवाड़ा व अजमेर के कलाकारों की कृतियां प्रदर्शित हुई। इस आर्ट एक्स्पो में कला की विभिन्न विधाओं का प्रदर्शन किया गया जैसे चित्रकला, मूर्तिकला, छापाकला, फोटोग्राफी, मिक्स मीडिया, क्राफ्ट आदि। इस आर्ट एक्सपो का आयोजन प्रतिवर्ष प. बंगाल के नबंकुर आर्ट फाउंडेशन, बोलपुर द्वारा किया जाता है।
भीलवाड़ा के संगम स्कूल की कला शिक्षिका दीपिका की अनटाइटल्ड फर्स्ट व सेकण्ड प्रिंट कृतियां, फ्रीलांसर कपिल खन्ना की मिक्स मीडिया में बनी लाइफ व रिवर साइड, कन्या महाविद्यालय की चित्रकला की सहायक आचार्य गीतांजलि वर्मा की कैनवास पर बनी लैट मी लिव- फर्स्ट व सेकण्ड के साथ अजमेर की फ्रीलांस फोटोग्राफर मीनाक्षी वर्मा के नेचर – फर्स्ट व सेकण्ड नामक छायाचित्रों का इस एक्सपो में प्रदर्शन किया गया जिसमें दीपिका पाराशर की अनटाइटल्ड फर्स्ट का पुरस्कार हेतु चयन किया गया। एक्स्पो में राजस्थान के चार प्रतिभागियों सहित देश-विदेश के कुल 45 प्रतिष्ठित कलाकारों की कृतियों का प्रदर्शन किया गया इनमें भारत के विभिन्न राज्यों के कलाकारों के साथ श्रीलंका व बांग्लादेश के कलाकार भी शामिल थे।
