लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
अजमेर से संवाददाता : नितिन मेहरा
अजमेर। डिस्ट्रीक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) गवर्निंग काउंसिल की बैठक अजमेर के रीट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में खनन प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया गया।
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, केंद्रीय कृषि मंत्री भागीरथ चौधरी और जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलक्टर लोक बंधु ने की। उन्होंने अधिकारियों को जनहित, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ सभी स्वीकृत कार्य पूरे करने के निर्देश दिए और शेष कार्यों के पूर्णता प्रमाण पत्र 15 दिन में प्रस्तुत करने को कहा।
कलक्टर ने कहा कि डीएमएफटी फंड से स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास, पर्यावरण संरक्षण और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर नियमानुसार व्यय होगा। प्राथमिकता उन क्षेत्रों को दी जाएगी जो सीधे या परोक्ष रूप से खनन से प्रभावित हैं।
जनप्रतिनिधियों के मुख्य वक्तव्य:
-
वासुदेव देवनानी: अतिवृष्टि से प्रभावित विद्यालयों की मरम्मत और शैक्षणिक व चिकित्सा संस्थानों के कार्यों को बजट में प्राथमिकता दी जाए।
-
भागीरथ चौधरी: डीएमएफटी फंड के उपयोग में पारदर्शिता और जनभागीदारी जरूरी, ताकि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार में सुधार हो सके।
-
सुरेश रावत: बजट घोषणाओं के अनुरूप चिकित्सा और शिक्षा से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
-
अनीता भदेल: अजयनगर क्षेत्र में स्वास्थ्य केंद्र और विद्यालय सभागार निर्माण शीघ्र पूरा किया जाए।
-
शत्रुघ्न गौतम: स्वीकृत कार्यों में विलंब से विकास लाभ में देरी होती है—कार्यों में तेजी लाने की जरूरत।
-
रामस्वरूप लांबा: शिक्षा और स्वास्थ्य में ठोस सुधार के लिए अधूरे कार्यों की नियमित समीक्षा जरूरी।
-
वीरेंद्र सिंह कानावत: डीएमएफटी फंड का समान वितरण सभी विधानसभा क्षेत्रों में किया जाए।

102 करोड़ के प्रस्तावों पर चर्चा
बैठक में वित्तीय वर्ष 2024–25 में स्वीकृत कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। 102 करोड़ रुपये के प्रस्तावों में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, सिंचाई, सड़क निर्माण, वन क्षेत्र के विस्तार और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्य शामिल हैं।
बैठक में जिला परिषद के CEO राम प्रकाश, अजमेर विकास प्राधिकरण आयुक्त नित्या के., नगर निगम आयुक्त देशल दान, एडीएम गजेन्द्र सिंह राठौड़, ज्योति ककवानी और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।













































