लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजस्थान पटवार संघ ने जलाई परिपत्र की होली, 3 दिन का आंदोलन शुरू
स्थानीय संवाददाता: ओमप्रकाश चौधरी, पीसांगन (अजमेर)
अजमेर | पीसांगन। राजस्थान पटवार संघ ने अपनी 7 सूत्रीय मांगों को लेकर मंगलवार से प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया। पीसांगन उपखंड क्षेत्र में पटवारियों ने राजस्व मंडल की ओर से 5 फरवरी 2026 को जारी परिपत्र को ‘दमनकारी’ बताते हुए उसकी होली जलाई। इसके बाद उपखंड अधिकारी राजीव बड़गूजर के फील्ड में व्यस्त होने के कारण तहसीलदार अमित जिंदोलिया को राजस्व मंडल के निबंधक के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
पटवार संघ का कहना है कि सरकार ने 15 जुलाई को वार्ता के दौरान उनकी मांगों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया था, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ। इसी के विरोध में संघ ने आंदोलन का ऐलान किया है।
डीसीएस गिरदावरी ऐप की तकनीकी दिक्कतों से नाराज पटवारी
राजस्थान पटवार संघ के अनुसार डीसीएस गिरदावरी ऐप में लगातार तकनीकी समस्याएं आ रही हैं। पटवारियों का आरोप है कि ऐप हैंग होने और सर्वर संबंधी परेशानियों के बावजूद गिरदावरी में होने वाली गलतियों की जिम्मेदारी पटवारियों पर डाली जा रही है।
संघ का दावा है कि डेटा में संशोधन का अधिकार कलेक्टर और राजस्व मंडल के पास है, ऐसे में केवल पटवारियों को जिम्मेदार ठहराकर कार्रवाई का प्रावधान उचित नहीं है।
7 सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार पर दबाव
पटवार संघ ने ज्ञापन में डीसीएस गिरदावरी ऐप में आवश्यक संशोधन करने सहित 7 प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें पटवारी पद को तृतीय श्रेणी से अधिसूचित कर ग्रेड पे 3600 करने, पदोन्नति एवं कैडर पुनर्गठन, भत्तों में वृद्धि और लंबित पदोन्नतियां तत्काल करने की मांग शामिल है।
इसके अलावा स्थानांतरण नीति को पुनर्स्थापित कर स्पष्ट नीति बनाने तथा पटवार मुख्यालयों पर पटवार भवन, लैपटॉप, प्रिंटर, इंटरनेट, फर्नीचर और पूर्णकालिक सहायक उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है।
3 दिन का चरणबद्ध आंदोलन
राजस्थान पटवार संघ ने आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।
- 18 अगस्त: उपखंड अधिकारियों को ज्ञापन, परिपत्र की होली दहन और काली पट्टी बांधकर कार्य।
- 20 अगस्त: सभी उपखंड कार्यालयों का घेराव, धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन।
- 21 अगस्त: जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन और परिपत्र की होली दहन।
- 24 अगस्त के बाद: मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर राजस्व मंडल का घेराव और विधानसभा कूच की चेतावनी।
‘जिम्मेदारी हम पर, अधिकार किसी और के पास’
पटवार संघ के उपशाखा अध्यक्ष देवराज ने कहा कि पटवारी खेत-खेत जाकर गिरदावरी का काम करते हैं, लेकिन ऐप और सर्वर की तकनीकी समस्याओं का खामियाजा भी उन्हें भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मानदेय भी कई-कई महीने लंबित रहता है और 15 जुलाई की वार्ता के बाद भी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि अब पटवार संघ अपनी मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई लड़ेगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष पोलूराम, उपशाखा अध्यक्ष देवराज, महामंत्री मुकेश यादव, कोषाध्यक्ष मुकेश चौधरी, संयुक्त मंत्री अंकित कुमार शर्मा सहित संघ की कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद रहे।
