लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गंगधार (झालावाड़)। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर झालावाड़ जिले के गंगधार नगर में धार्मिक आस्था और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। भगवान श्री गौरीशंकर महादेव की शिवार्चन, अभिषेक एवं दर्शन के बाद भव्य राजसी सवारी निकाली गई। नगर भ्रमण के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान महादेव के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और पूरे मार्ग पर भक्तिमय माहौल बना रहा।
सावन माह के उपलक्ष्य में नृसिंह मित्र मंडल एवं महिला मंडल गढ़ मोहल्ला द्वारा नीम के पेड़ पर पारंपरिक झूले डालकर सावन उत्सव मनाया गया। सुरम्य वातावरण में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने झूलों का आनंद लेते हुए धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत किया।
दशरथ नंदन शर्मा ने बताया कि माता महालक्ष्मी नृसिंह मंदिर परिसर, शिव मंदिर, सुंदर पार्क एवं कालीसिंध नदी तट का सौंदर्य निरंतर निखर रहा है। प्राकृतिक एवं धार्मिक आस्था के इस केंद्र को निहारने के लिए गंगधार, चौमहला सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में प्रतिदिन विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं द्वारा वृक्षारोपण, सत्संग एवं सामूहिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। सावन माह में यहां श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है, जिससे क्षेत्र का धार्मिक वातावरण और अधिक भक्तिमय बन गया है।
