लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अखाड़ेबाजों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब, भस्म रमैया झांकी और कच्ची घोड़ी नृत्य ने बांधा समां
डग, झालावाड़। श्री तेजेश्वर महादेव मंदिर उत्सव समिति सामूखाल के तत्वावधान में भगवान श्री तेजेश्वर महादेव की भव्य शाही सवारी नगर में धूमधाम और धार्मिक उल्लास के साथ निकाली गई। शाम 4 बजे श्री तेजेश्वर महादेव मंदिर सामूखाल से ढोल-बाजों के साथ शुरू हुई शाही सवारी ने नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भगवान भोलेनाथ का स्वागत करते हुए पूजा-अर्चना की।
शाही सवारी के नगर भ्रमण के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मान्यता और आस्था के बीच भगवान तेजेश्वर महादेव की सवारी जिस मार्ग से गुजरी, वहां श्रद्धालुओं ने दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
अखाड़ेबाजों ने दिखाए आकर्षक करतब
शाही सवारी में श्री हनुमान व्यायामशाला, चौकड़ी दरवाजा एवं श्री प्रहरी हनुमान व्यायामशाला, गंगधार दरवाजा के पहलवानों ने अखाड़े में विभिन्न आकर्षक एवं हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया। पहलवानों के प्रदर्शन ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
भस्म रमैया झांकी रही आकर्षण का केंद्र
शाही सवारी में भस्म रमैया झांकी ने भी श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। कोर इवेंट कोटा के कलाकारों ने झांकी की मनमोहक प्रस्तुति दी। इसके अलावा राजस्थानी कच्ची घोड़ी नृत्य ने भी लोगों का मनोरंजन किया।
शाही सवारी के दौरान आकर्षक विद्युत सज्जा से सजी झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। रंग-बिरंगी रोशनी से सजी झांकियां नगर भ्रमण के दौरान जगमगाती नजर आईं।
महाआरती के बाद महाप्रसादी का वितरण
शाही सवारी नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस श्री तेजेश्वर महादेव मंदिर परिसर पहुंची। यहां विधि-विधान से महाआरती की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को महाप्रसादी का वितरण किया गया।
सुबह से लगा भंडारा
शाही सवारी के अवसर पर मंदिर परिसर में भंडारे का भी आयोजन किया गया। भंडारा सुबह 10 बजे से शुरू हुआ, जो शाही सवारी के रवाना होने तक जारी रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसादी ग्रहण की।