लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने निकाय चुनाव में प्रचंड जीत का किया दावा, बोले—मोदी और भजनलाल सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों का जनता पर सकारात्मक असर
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया)
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को जनता का अभूतपूर्व समर्थन मिलने और पार्टी की प्रचंड जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक और जनता के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों का सकारात्मक प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के समय निकाय चुनावों में तुष्टिकरण की राजनीति करते हुए वार्डों का गठन किया गया और शहरी विकास के कार्यों को ठप कर दिया गया। जनता कांग्रेस के उस कार्यकाल को भूली नहीं है और निकाय चुनाव में इसका जवाब देगी।
‘कांग्रेस में कट-कमीशन का खेल, भाजपा का लक्ष्य जनसेवा’
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के निकायों में कट और कमीशन का खेल चलता रहा है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस कट-कमीशन में विश्वास रखती है, जबकि भाजपा जनता की सेवा के मिशन में विश्वास करती है।”
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने राजस्थान में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। राठौड़ के मुताबिक, कांग्रेस सरकार ने पांच साल में जितना काम किया, उससे अधिक काम भाजपा सरकार ने अपने 31 महीने के कार्यकाल में किया है।
सड़कों के निर्माण में भाजपा सरकार का दावा
मदन राठौड़ ने विकास कार्यों के आंकड़े गिनाते हुए कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में 18,067 किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया गया है, जबकि कांग्रेस के पूरे पांच साल के कार्यकाल में करीब 13 हजार किलोमीटर सड़कें बनी थीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के संबंधित कालखंड में महज 4,671 किलोमीटर सड़कों का निर्माण हुआ था।
प्रधानमंत्री आवास योजना में भी उपलब्धियां गिनाईं
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भाजपा सरकार ने 1 लाख 6 हजार आवास स्वीकृत किए हैं, जबकि कांग्रेस शासन के संबंधित कालखंड में केवल 4,760 आवास स्वीकृत किए गए थे। राठौड़ के अनुसार, कांग्रेस अपने पूरे पांच साल के कार्यकाल में करीब 77 हजार आवास ही स्वीकृत कर पाई थी।
बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने का दावा
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने बिजली उत्पादन के क्षेत्र में भी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में 10,184 मेगावाट विद्युत उत्पादन क्षमता बढ़ाई है, जबकि कांग्रेस की पांच साल की सरकार में यह वृद्धि केवल 3,952 मेगावाट रही।
युवा, महिला और किसान भाजपा के एजेंडे में
मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार का फोकस समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ाने पर है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक मुक्त परीक्षाएं, युवाओं को समयबद्ध परीक्षा कार्यक्रम उपलब्ध कराना, महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रयास और किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराने जैसे मुद्दों पर सरकार लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने समाज के प्रत्येक वर्ग के हित में संकल्पबद्ध होकर काम किया है। यही वजह है कि जनता के हर वर्ग का समर्थन भाजपा को मिल रहा है।
निकाय चुनाव में जीत का भरोसा
मदन राठौड़ ने दावा किया कि सरकार के विकास कार्यों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं का असर निकाय चुनाव में दिखाई देगा। उन्होंने विश्वास जताया कि निकाय चुनाव के परिणाम भाजपा की प्रचंड जीत के रूप में सामने आएंगे।














































