लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पीछे वाली गली और निगम कॉलोनी में वर्षों से नालियों की सफाई नहीं होने का आरोप, मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से बीमारी का डर
चौमहला, झालावाड़। ग्राम पंचायत चौमहला के पीछे वाली गली और निगम कॉलोनी में सफाई व्यवस्था बदहाल होने से वार्डवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह बदबूदार गंदगी के ढेर, वर्षों से साफ नहीं हुई नालियां और सड़कों तक फैली कंटीली झाड़ियां स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से गंदा पानी कई जगह घरों के सामने बह रहा है।
स्थानीय वार्डवासियों का कहना है कि क्षेत्र में मच्छरों की भरमार हो गई है, जिससे लोगों में बीमारी फैलने का डर बना हुआ है। लंबे समय से सफाई व्यवस्था को लेकर शिकायतें किए जाने के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है।
सफाईकर्मियों की कमी का दिया हवाला
सफाई व्यवस्था को लेकर पंचायत कर्मचारियों से संपर्क किया गया तो उनका कहना था कि पहले पंचायत में 65 सफाईकर्मी काम करते थे, लेकिन अब इनकी संख्या घटकर करीब 43 रह गई है। कर्मचारियों के अनुसार इनमें से भी कई कर्मचारी नियमित रूप से काम पर नहीं आते हैं। ऐसे में ट्रैक्टर और सफाई व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाना मुश्किल हो रहा है।
कर्मचारियों ने यह भी कहा कि सफाई व्यवस्था को लेकर सरपंच स्तर से भी ध्यान दिया जाना जरूरी है।
पंचायत सचिव बोले—बजट भी सीमित
ग्राम पंचायत के सचिव से मामले को लेकर संपर्क किया गया तो उन्होंने सफाई व्यवस्था के लिए पर्याप्त भुगतान नहीं आने की बात कही। उनका कहना था कि पंचायत के पास संसाधन सीमित हैं और ऐसे में हर जगह नियमित सफाई कराना चुनौतीपूर्ण है।
सचिव ने यह भी कहा कि कचरा उठाने और स्वच्छता बनाए रखने की जिम्मेदारी केवल ग्राम पंचायत की नहीं है, बल्कि आमजन की भी जिम्मेदारी है कि वे सार्वजनिक स्थानों और नालियों में कचरा नहीं डालें।
सरपंच प्रतिनिधि का जवाब—“करवाते हैं, करवाते हैं”
मामले को लेकर चौमहला ग्राम पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि अशोक भंडारी से संपर्क किया गया। सफाई व्यवस्था को लेकर पूछे जाने पर उनका जवाब था कि “करवाते हैं, करवाते हैं।” हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र की मौजूदा स्थिति देखकर सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार की जरूरत है।
निगम कॉलोनी में लोग खुद कर रहे सफाई
वहीं निगम कॉलोनी में स्थिति यह है कि कई गृहिणियां सुबह-शाम अपने घरों के सामने स्वयं सफाई करती नजर आती हैं। घरों के सामने बनी नालियों की सफाई भी कई बार स्थानीय लोग खुद ही करते हैं। अवकाश के दिनों में पुरुष वर्ग भी अपने स्तर पर नालियों और आसपास की जगह की सफाई करता दिखाई देता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पंचायत की ओर से नियमित रूप से नालियों की सफाई, कचरा उठाने और झाड़ियों की कटाई की व्यवस्था की जाए तो क्षेत्र में गंदगी और मच्छरों की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है।
अब देखना होगा कि ग्राम पंचायत चौमहला क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को लेकर कब तक प्रभावी कदम उठाती है और वार्डवासियों को गंदगी, बदबू व जाम नालियों की समस्या से कब राहत मिलती है।