लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
चारभुजा मित्र मंडल युवा टीम और मोहल्लेवासियों ने मिलकर शुरू कराया मंदिर का कायाकल्प, जन्माष्टमी पर होगी विशेष सजावट
राजसमन्द। (गौतम शर्मा) राजसमन्द जिले के झोर गांव में कृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर प्रभु श्री चारभुजानाथ मंदिर को आकर्षक रूप देने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंदिर परिसर में लंबे समय से रंग-रोगन नहीं होने के कारण इस बार चारभुजा मित्र मंडल युवा टीम और मोहल्लेवासियों ने सामूहिक पहल करते हुए चंदा एकत्रित किया और मंदिर में रंगाई-पुताई का कार्य शुरू करवाया।
मंदिर को नया रूप देने में जुटे युवा
चारभुजा मित्र मंडल के दिनेश शर्मा ने बताया कि जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए मंदिर में रंग-रोगन का कार्य तेजी से चल रहा है। युवाओं और मोहल्लेवासियों के सहयोग से मंदिर को आकर्षक रूप देने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर धार्मिक माहौल मिल सके।
उन्होंने बताया कि इस बार भगवान श्रीकृष्ण को झुलाने के लिए नया बेवाण लाने की भी तैयारियां की जा रही हैं। जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर में विशेष सजावट के साथ विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जाएंगे।
मोहल्लेवासियों में खुशी का माहौल
मंदिर में रंग-रोगन का कार्य शुरू होने से मोहल्लेवासियों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सामूहिक सहयोग से मंदिर को नया रूप मिलना सराहनीय पहल है। जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर की आकर्षक सजावट और धार्मिक आयोजनों के चलते यहां श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ रहने की उम्मीद है।
