लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
चिकित्सा कर्मियों और ग्रामीणों ने
अस्पताल परिसर के विकास, सड़क निर्माण और आवास मरम्मत की उठाई मांग
पादूकलां (नागौर)। अजमेर-बीकानेर नेशनल हाईवे-58 पर मेड़ता सिटी रोड स्थित लाम्पोलाई के राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर चिकित्सा कर्मियों और ग्रामीणों ने मेड़ता विधायक लक्ष्मण राम कलरू को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक विकास कार्य करवाने की मांग की है।
क्षेत्र के महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्रों में शामिल इस केंद्र में प्रतिदिन लगभग 30 से 50 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं, लेकिन अस्पताल परिसर में चारदीवारी, सुगम पहुंच मार्ग और कर्मचारियों के लिए सुरक्षित आवास जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है।
चिकित्सा प्रभारी डॉ. कृष्ण टोलिया के नेतृत्व में अस्पताल स्टाफ एवं ग्रामीणों ने विधायक को ज्ञापन सौंपते हुए अस्पताल परिसर की चारदीवारी निर्माण, मुख्य सड़क के निर्माण तथा जर्जर आवासीय भवनों की मरम्मत करवाने की मांग रखी।
ज्ञापन में बताया गया कि चारदीवारी नहीं होने के कारण आवारा पशु अस्पताल परिसर में प्रवेश कर जाते हैं, जिससे गंदगी फैलती है और मरीजों व उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं बरसात के मौसम में अस्पताल तक जाने वाले मार्ग पर जलभराव होने से मरीजों और कर्मचारियों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि आसपास के गांवों की बड़ी आबादी इस स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर है तथा लगातार मरीजों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में अस्पताल में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार समय की आवश्यकता बन गया है।
इसके अलावा अस्पताल परिसर में बने आवासीय भवन भी जर्जर स्थिति में हैं, जिससे चिकित्सा कर्मियों के लिए उनमें निवास करना जोखिमपूर्ण हो गया है। कर्मचारियों ने इन भवनों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान शिवदयाल लटियाल, सुशील लटियाल, रियांबड़ी पंचायत समिति के विकास अधिकारी भंवरलाल सिंघाड़िया, सहायक अभियंता राकेश कुमार मेहरिया, जिला प्रमुख शोभाराम जयपाल, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष मदनराम गोरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
इस अवसर पर चिकित्सा प्रभारी डॉ. कृष्ण टोलिया, नर्सिंग ऑफिसर मनोज कुमार गोरा, सांवरमल मेघवाल, फार्मासिस्ट मनमोहन सिंह, लैब असिस्टेंट जितेंद्र सिंह भाटी, एएनएम नैनी देवी जाखड़, संतोष पंवार, अमित पारीक, रिया रामदेव चोटिया, सुखदेव बावरी, केदारनाथ जोशी एवं पप्पूराम ढोली सहित अस्पताल स्टाफ उपस्थित रहा।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के सहयोग से स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक सुविधाएं विकसित होंगी, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
















































