चलती कार में आग लगने से जिला परिषद सदस्य और पूर्व सरपंच पति-पत्नी सहित 4 लोग जिंदा जले

0
20
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

नितिन मेहरा वरिष्ठ संवाददाता, (राजस्थान)

अजमेर में दर्दनाक हादसा 4 की मौत

अजमेर। राजस्थान के अजमेर जिले के बोराड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक चलती स्कॉर्पियो कार में अचानक भीषण आग लगने से एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में जिला परिषद सदस्य, पूर्व सरपंच पति-पत्नी और उनकी एक रिश्तेदार शामिल हैं।

इलाज के लिए अस्पताल जा रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोराड़ा क्षेत्र के लामाना गांव के रहने वाले चौहान परिवार के सदस्य अपनी बुजुर्ग मां की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे। कार अभी लामाना से कुछ ही दूर पहुंची थी कि अचानक उसमें से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग का गोला बन गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कार सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।
हादसे में इनकी हुई मौत

अजमेर के पुलिस अधीक्षक (SP) हर्षवर्धन अग्रवाला ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि इस वीभत्स घटना में चार लोगों की जान गई है। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:

* रामसिंह चौहान (पूर्व सरपंच)
* सुरज्ञान देवी (पूर्व सरपंच, रामसिंह चौहान की पत्नी)
* पूसी देवी (वर्तमान जिला परिषद सदस्य और रामसिंह की मां)
* महिमा (रामसिंह चौहान की भांजी)

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही बोराड़ा थाना पुलिस और आला अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर खाक हो चुका था। शुरुआती जांच में कार में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। इस भीषण हादसे के बाद पूरे लामाना गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here