लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
वार्ड आरक्षण की घोषणा से बदले सियासी समीकरण
आरक्षण सूची जारी होते ही दावेदार सक्रिय, महिला उम्मीदवारों में बढ़ा उत्साह
उनियारा (टोंक)। आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर उनियारा नगर पालिका क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रशासन द्वारा 20 वार्डों की अंतिम आरक्षण सूची जारी किए जाने के बाद चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया है। आरक्षण के नए समीकरणों ने जहां कई पुराने दावेदारों की रणनीति बदल दी है, वहीं महिला एवं नए चेहरों के लिए चुनावी मैदान में अवसर बढ़ गए हैं।
कस्बे में चाय की थड़ियों से लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तक अब वार्ड आरक्षण, संभावित प्रत्याशियों और टिकट की दावेदारी को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
वार्ड आरक्षण की स्थिति
नगर पालिका के 20 वार्डों में आरक्षण इस प्रकार निर्धारित किया गया है—
अनुसूचित जाति (एससी)
- वार्ड संख्या 7 और 10 – एससी (सामान्य)
- वार्ड संख्या 8 – एससी (महिला)
अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी)
- वार्ड संख्या 2, 5 और 17 – ओबीसी (सामान्य)
- वार्ड संख्या 16 – ओबीसी (महिला)
सामान्य महिला
- वार्ड संख्या 14, 15, 19 और 20
सामान्य (अनारक्षित)
- वार्ड संख्या 1, 3, 4, 6, 9, 11, 12, 13 और 18
इन अनारक्षित वार्डों से सभी वर्गों के उम्मीदवार चुनाव लड़ सकेंगे।
कहीं खुशी, कहीं गम
आरक्षण सूची जारी होने के बाद कई वार्डों के आरक्षित या महिला वर्ग में चले जाने से लंबे समय से चुनावी तैयारी कर रहे कुछ दावेदारों को झटका लगा है। ऐसे नेताओं के सामने अब परिवार की महिला सदस्य को चुनाव मैदान में उतारने या अन्य सामान्य वार्डों से दावेदारी करने का विकल्प बचा है।
वहीं महिला वार्डों की संख्या बढ़ने से महिला कार्यकर्ताओं और संभावित उम्मीदवारों में उत्साह का माहौल है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बार नगर पालिका बोर्ड में महिलाओं की भागीदारी पहले की तुलना में अधिक मजबूत दिखाई दे सकती है।
जनसंपर्क और सोशल मीडिया प्रचार शुरू
आरक्षण की तस्वीर साफ होते ही संभावित प्रत्याशियों ने अपने-अपने वार्डों में जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। सुबह-शाम मोहल्लों में डोर-टू-डोर संपर्क किया जा रहा है और मतदाताओं से समर्थन मांगा जा रहा है।
सोशल मीडिया पर भी चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। व्हाट्सएप ग्रुपों और फेसबुक पर भावी पार्षद उम्मीदवारों के पोस्टर, संदेश और विकास के वादों की भरमार देखने को मिल रही है।
दिलचस्प होगा चुनावी मुकाबला
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार इस बार का उनियारा नगर पालिका चुनाव बेहद रोचक रहने वाला है। प्रमुख राजनीतिक दल वार्ड आरक्षण और स्थानीय सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए प्रत्याशी चयन की रणनीति तैयार कर रहे हैं। टिकट वितरण में छोटी सी चूक भी चुनावी परिणामों को प्रभावित कर सकती है।
