लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) भारत विकास परिषद की चंद्रशेखर आजाद शाखा द्वारा “बेटी बढ़ाओ, बेटी पढ़ाओ, बेटी बसाओ” प्रकल्प के अंतर्गत राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, कल्कीपुरा में बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए विविध कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में कला, आत्मविश्वास और आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता लाना था।
मेहंदी प्रतियोगिता में झलकी सृजनात्मकता
इस अवसर पर मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने अपनी सृजनात्मकता और कला कौशल का सुंदर प्रदर्शन किया। प्रथम तीन विजेता छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इसी क्रम में “बेटियां खुद अपनी प्रेरणा बनें” विषय पर आशुवार्ता कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।
आत्मरक्षा के उपायों की दी जानकारी
‘पढ़ो, बढ़ो और दुनिया बदलो’ कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि पुलिस उप अधीक्षक शिल्पा भदविया और प्रांतीय संयोजिका रिंकू सोमानी ने बालिकाओं को सुरक्षा, शिक्षा और आत्म-सशक्तिकरण के महत्व पर प्रेरणादायी विचार रखे। इसके साथ ही मुख्य वक्ता विनिता तापड़िया (संयोजिका धर्म जागरण गतिविधि, चित्तौड़ प्रांत) ने आत्मरक्षा के उपाय, प्रहार तकनीक और दंड संचालन के महत्व की जानकारी दी। छात्राओं ने इन तकनीकों को सीखने में गहरी रुचि दिखाई।
कार्यक्रम में उमड़ा उत्साह और नारी शक्ति का जोश
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, स्वामी विवेकानंद और मां सरस्वती के चित्रों पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन से हुई, इसके बाद ‘वंदे मातरम्’ का गायन हुआ। कार्यक्रम के अंत में विजयलक्ष्मी समदानी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम प्रभारी आशा काबरा रहीं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संगीता जागेटिया, आशा काबरा, रेखा चांडक, मीनाक्षी आचार्य, मीनू सोमानी, मीनाक्षी काबरा, उर्मिला गग्गड़, नूतन पोरवाल, रेखा शर्मा, पिंकी सोमानी और संगीता अजमेरा का विशेष योगदान रहा। वातावरण में देशभक्ति, उत्साह और नारी शक्ति का गर्व झलक रहा था।
