Home crime नशे के खिलाफ एएनटीएफ का बड़ा अभियान, जयपुर समेत चार जगहों पर...

नशे के खिलाफ एएनटीएफ का बड़ा अभियान, जयपुर समेत चार जगहों पर कार्रवाई, 5 तस्कर गिरफ्तार

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) राजस्थान को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने प्रदेशभर में एक ही दिन में चार बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम, स्मैक और गांजे की बड़ी खेप बरामद की है। इन कार्रवाइयों में पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक स्कूटी और नशे की कमाई से अर्जित नकदी भी जब्त की गई।

महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में एएनटीएफ ने जालोर, ब्यावर और जयपुर में स्थानीय पुलिस के सहयोग से यह अभियान चलाया। एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि कार्रवाई के दौरान नशा तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका दिया गया है।

भीनमाल में घर की रसोई से मिली अफीम

जालोर जिले के भीनमाल थाना क्षेत्र के जेरण गांव में एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जुठाराम देवासी (48) के मकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान रसोई में छिपाकर रखी गई 938 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने अफीम जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

ब्यावर में स्मैक सप्लाई करते पति-पत्नी गिरफ्तार

ब्यावर सिटी थाना क्षेत्र में कंचन पेट्रोल पंप के पास एएनटीएफ ने खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए स्कूटी से स्मैक की सप्लाई करने आए दीपक कुमार (45) और उसकी पत्नी लक्ष्मी देवी (43) को गिरफ्तार किया। स्कूटी की तलाशी में 24.88 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने स्मैक और स्कूटी दोनों जब्त कर ली।

जयपुर ग्रामीण में महिला तस्कर से गांजा और स्मैक बरामद

जयपुर के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में पूर्णिमा कॉलेज के पीछे संयुक्त कार्रवाई के दौरान शरबत देवी (55) को दस्तयाब किया गया। उसके कब्जे से 335 ग्राम गांजा, 0.71 ग्राम स्मैक और नशा बिक्री से अर्जित 21,500 रुपये नकद बरामद किए गए।

नारायण विहार में महिला तस्कर गिरफ्तार

जयपुर शहर के नारायण विहार थाना क्षेत्र की जयशंकर कॉलोनी में पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर लाली देवी (32) को पकड़ा। उसके बैग से 142 ग्राम गांजा और 2,000 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपिया को गिरफ्तार कर लिया।

सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय

आईजी विकास कुमार ने आमजन से अपील की है कि यदि आसपास कहीं नशे की तस्करी या अवैध गतिविधियों की जानकारी हो तो उसकी सूचना एएनटीएफ कंट्रोल रूम नंबर 0141-2502877 या व्हाट्सएप नंबर 9261225056 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

उन्होंने सफल कार्रवाई में शामिल एएनटीएफ, भीनमाल पुलिस, ब्यावर सिटी पुलिस, शिवदासपुरा और नारायण विहार थाना पुलिस की सराहना करते हुए सभी अधिकारियों एवं जवानों को सम्मानित करने की घोषणा भी की।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version