लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पश्चिम बंगाल सहित अन्य दो राज्यों में भाजपा की जीत की खुशी में मनाया ऐतिहासिक विजय उत्सव,
रैली और आतिशबाजी से गूंजा माहौल
जयपुर।(रूपनारायण सांवरिया) तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक एवं प्रचंड विजय के उपलक्ष्य में भाजपा जयपुर शहर द्वारा गुरुवार को ईपी के मिराज हॉल में में भव्य विजय उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक मूवी स्क्रीनिंग का आनंद लिया तथा इसके पश्चात विजय उत्सव मनाया।
जयपुर शहर भाजपा के जिला अध्यक्ष अमित गोयल ने बताया कि आज धुरंधर मूवी की यह विशेष स्क्रीनिंग जयपुर शहर के कार्यकर्ताओं के लिए रखी गई थी। तीन राज्यों में यह ऐतिहासिक जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, संगठन की रणनीति एवं कार्यकर्ताओं की कठोर मेहनत का परिणाम है। मोदी जी ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना साकार किया है। पश्चिम बंगाल की ऐतिहासिक जीत एवं “सिंदूर ऑपरेशन” की सफलता को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह और जोश देखने को मिला। सैकड़ो की संख्या में कार्यकर्ताओं ने मूवी का आनंद लिया और हॉल में कई बार भारत माता की जय के नारे लगाए।
उन्होंने आगे बताया कि कार्यकर्ताओं में परिवार भाव बढ़ाने एवं उनका उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भाजपा की पश्चिम बंगाल की जीत में प्रमुख भूमिका का निभाने वाले वरिष्ठ भाजपा नेताओं का भी दुपट्टा ओढाकर एवं पुष्प भाषा का सम्मान किया गया।
इस दौरान पारंपरिक झालमूड़ी (जालमुरी) का विशेष आयोजन भी किया गया, जिसका सभी कार्यकर्ताओं ने आनंद लिया।
फिल्म के बाद भी बाहर आते हुए “भारत माता की जय” एवं “वंदे मातरम्” के जयघोषों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां एवं पार्टी के झंडे लिए हुए कड़ी धूप में रैली निकालकर विजय का उत्स मनाया। सभी ने आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की।
पश्चिम बंगाल चुनाव में विशेष भूमिका निभाने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नेता कैलाश चौधरी , भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, आदर्श नगर के प्रत्याशी रवि नैयर, सोमकांत शर्मा, अशोक सैनी का विशेष रूप से सम्मान किया गया। कैलाश चौधरी ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत में बड़ी भूमिका निभाई है, उनके प्रभात की 28 में से 27 सीटों भाजपा ने जीती है। इनकी रणनीतिक कौशलता का सबने लोहा माना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की रैलियों का प्रबंधन भी उन्हीं के जिम्मे था। पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा के टिकट पर 5 प्रवासी राजस्थानी विधायक बनने पर भी कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की।
इस अवसर पर हवामहल विधायक बालमुकुंदचार्य, जयपुर हेरिटेज की पूर्व महापौर कुसुम यादव, जयपुर जिले के सभी पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, जयपुर के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।