लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
24 घंटे तक चला भक्ति का दौर, पूर्णाहुति के साथ हुआ समापन; आसपास के गांवों की रामधुन मंडलियों ने भी लिया हिस्सा
रिपोर्ट: गौतम शर्मा, राजसमन्द
राजसमन्द। बारिश, सुख-शांति और अमन-चैन की कामना को लेकर जोधपुरा गांव के बीड़ा वाले बालाजी महाराज मंदिर में ग्रामीणों की ओर से आयोजित 24 घंटे की अखंड रामधुन मंगलवार को पूर्णाहुति के साथ संपन्न हुई। रामधुन के दौरान मंदिर परिसर लगातार भजनों और रामनाम के जयकारों से गूंजता रहा और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
ग्रामीणों के अनुसार अखंड रामधुन के आयोजन को लेकर बालाजी महाराज को विशेष आंगी धराई गई। वहीं मंदिर को विभिन्न प्रकार के फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। मंगलवार को विद्वान पंडितों के विशेष मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर पूर्णाहुति कराई गई। इस दौरान ग्रामीणों ने हवन में आहुतियां दीं। इसके बाद बालाजी महाराज की आरती की गई। 
आसपास के गांवों से पहुंचीं रामधुन मंडलियां
आयोजन में देर रात तक आसपास के गांवों की रामधुन मंडलियां पहुंचती रहीं। गलवा, काबरी, देवली, सीमाल, सारनिया खेड़ा, बागपुरा और फियावड़ी सहित विभिन्न गांवों की मंडलियों ने बारी-बारी से रामधुन में भाग लिया।
ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच श्रद्धालु रामनाम का जाप करते हुए भक्ति में लीन नजर आए। मंदिर परिसर में देर रात तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।
बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने लिया भाग
अखंड रामधुन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर बारिश, सुख-शांति और गांव में अमन-चैन की कामना की। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में उत्साह और खुशी का माहौल रहा।
पूर्णाहुति के बाद महाप्रसाद का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान बीड़ा वाले बालाजी महाराज मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा।



















































