अवैध बजरी से भरा डंपर जब्त, चालक गिरफ्तार

0
22
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

मांगलियावास पुलिस की बड़ी कार्रवाई:

पीसांगन (अजमेर), ओमप्रकाश चौधरी।
अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मांगलियावास थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बजरी से भरे एक डंपर को जब्त किया है। पुलिस ने मौके से डंपर चालक को भी गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मांगलियावास थाना क्षेत्र में अवैध रूप से बजरी परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने डूमाड़ा पुलिया के निकट निगरानी बढ़ाई। इसी दौरान एक संदिग्ध डंपर वहां से गुजरता दिखाई दिया, जिसे रुकवाकर जांच की गई।

जांच के दौरान डंपर में बजरी भरी हुई पाई गई। पुलिस द्वारा परिवहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहने पर चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया।

कार्रवाई के दौरान चालक की पहचान नुरियावास निवासी प्रहलाद मेघवंशी के रूप में हुई। मांगलियावास थानाधिकारी हरीश चौधरी ने बताया कि चालक को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है तथा मामले में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

थानाधिकारी ने कहा कि क्षेत्र में अवैध बजरी खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अवैध खनन पर लगातार नजर

पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त निगरानी के चलते क्षेत्र में अवैध खनन गतिविधियों पर लगातार शिकंजा कसने के प्रयास किए जा रहे हैं।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here