लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से मिले किसान आयोग अध्यक्ष
जयपुर। राजस्थान किसान आयोग के अध्यक्ष सी.आर. चौधरी ने नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से मुलाकात कर प्रदेश के किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने अटल भूजल योजना के तहत लंबित ₹214.86 करोड़ की अनुदान राशि शीघ्र जारी करने की मांग करते हुए केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन सौंपा।
चौधरी ने बताया कि जल शक्ति मंत्रालय की अटल भूजल योजना राजस्थान के 17 जिलों के 38 ब्लॉकों में संचालित की गई थी। हालांकि योजना निर्धारित अवधि से पहले समाप्त हो जाने के कारण कृषि विभाग की ₹138.70 करोड़ और उद्यानिकी विभाग की ₹76.16 करोड़ की अनुदान राशि लंबित है। इससे हजारों किसान कार्य पूरा करने के बावजूद अनुदान मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि लंबित राशि जल्द जारी कर पात्र किसानों के खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से अनुदान उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने बताया कि योजना के तहत किसानों को फार्म पॉन्ड, सिंचाई पाइपलाइन, डिग्गी निर्माण, कृषि यंत्र, फसल विविधीकरण के लिए मिनीकिट वितरण तथा विभिन्न उद्यानिकी गतिविधियों के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।
किसान आयोग अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री को यह भी अवगत कराया कि राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा तथा मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास भी केंद्र सरकार से लंबित अनुदान राशि जारी करने का अनुरोध कर चुके हैं।
बैठक के दौरान केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए मामले पर सकारात्मक विचार करने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।















































