लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जनहित व पर्यावरण संरक्षण को लेकर कांग्रेस की जन-जागरण रैली, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) अरावली पर्वतमाला के संरक्षण एवं महात्मा गांधी नरेगा योजना को कमजोर या निरस्त किए जाने के प्रयासों के विरोध में आज जिला कांग्रेस कमेटी, भीलवाड़ा शहर के नेतृत्व में एक जोरदार जन-जागरण रैली आयोजित की गई। रैली के बाद सिटी कंट्रोल रूम के बाहर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया, जिसे भीलवाड़ा की तहसीलदार नीरज रावत ने प्राप्त किया।
ज्ञापन में अरावली क्षेत्र में खनन पर तत्काल रोक लगाने, अरावली को पूर्ण संरक्षित क्षेत्र घोषित करने, मनरेगा को कमजोर करने वाले किसी भी प्रस्ताव को वापस लेने, तथा पर्यावरण एवं गरीब-विरोधी नीतियों पर पुनर्विचार करने की मांग की गई।
अरावली राजस्थान की जीवनरेखा: जीपी खटीक
कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे जिला कांग्रेस कमेटी, भीलवाड़ा शहर के जिलाध्यक्ष शिवराम जीपी खटीक ने कहा कि अरावली पर्वतमाला राजस्थान की ऐतिहासिक, प्राकृतिक और पर्यावरणीय धरोहर होने के साथ-साथ पूरे क्षेत्र की जीवनरेखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार खनन पट्टों के आवंटन के जरिए अरावली को खनन माफियाओं के हवाले करने का षड्यंत्र रच रही है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
जीपी खटीक ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अरावली के साथ हो रहा यह अन्याय नहीं रोका गया तो कांग्रेस जनआंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने कहा कि जनहित और पर्यावरण से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
मनरेगा को कमजोर करने का प्रयास गरीबों के भविष्य से खिलवाड़
मनरेगा योजना को लेकर चिंता जताते हुए खटीक ने कहा कि यह योजना गरीबों, मजदूरों और ग्रामीण जनता की जीवनरेखा है। इसे कमजोर या समाप्त करने की चर्चाएं करोड़ों परिवारों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। कांग्रेस पार्टी किसी भी जनविरोधी फैसले को बर्दाश्त नहीं करेगी।
बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी, अनिल डांगी, नेता प्रतिपक्ष धर्मेंद्र पारीक, रामगोपाल पुरोहित, भंवर गर्ग, रेखा हिरण, हारून रंगरेज, अनिल राठी, एनएसयूआई अध्यक्ष भावेश पुरोहित, विक्की ब्यावट, योगेश सोनी, शिवकुमार घावरी, निसार सिलावट, राजकुमार माली, राधेश्याम भड़ाना, सत्यवीर सिंह राठौड़ सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
