लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)। उपखंड क्षेत्र के ककोड़ कस्बे स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ककोड़ में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस मौके पर कक्षा 12 की छात्रा पूजा गुर्जर को एक दिन के लिए विद्यालय का प्रिंसिपल बनाया गया।
विद्यालय की पीईईओ रेखा कुमारी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस का उद्देश्य बालिकाओं के सामने आने वाली चुनौतियों जैसे लैंगिक भेदभाव, शिक्षा की कमी और बाल विवाह जैसी समस्याओं पर जागरूकता बढ़ाना और समाधान खोजना है।
उपप्रधानाचार्य अशोक जैन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह दिन समाज से बालिकाओं को समान अवसर, शिक्षा और सुरक्षा प्रदान करने की अपील करता है, ताकि वे आगे बढ़कर देश का भविष्य संवार सकें। प्रधानाचार्य मंजू मीणा ने बताया कि भारत में 24 जनवरी को राष्ट्रीय बालिका दिवस और विश्व स्तर पर 11 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया जाता है।
इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ, कार्मिकों तथा छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।




















































