लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
तीन तस्कर गिरफ्तार
उनियारा (टोंक)। जिले में चलाए जा रहे नशा मुक्त टोंक अभियान के तहत अलीगढ़ थाना पुलिस और डीएसटी टोंक की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 25 लाख रुपये कीमत का 51 किलो 570 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक रोशन मीना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतनलाल भार्गव के मार्गदर्शन और वृत्ताधिकारी उनियारा अशोक कुमार के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।
डीएसटी प्रभारी उपनिरीक्षक ओमप्रकाश से मिली सूचना के आधार पर बनेठा थानाधिकारी हीरालाल और अलीगढ़ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को दशहरा मैदान के सामने कार्रवाई की।
पुलिस ने एक हुंडई वेन्यू कार और एक हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से कुल 51 किलो 570 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से रामअवतार जाट निवासी कुण्डेरा, जिला सवाई माधोपुर, कन्हैयालाल मीणा निवासी समिधि, थाना करवर, जिला बूंदी और मस्तराम मीणा निवासी पागड़ी, थाना उनियारा, जिला टोंक को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से गांजे के अलावा एक हुंडई वेन्यू कार, एक मोटरसाइकिल, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 26 हजार 520 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
अलीगढ़ थाने में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। मामले की जांच जारी है।

















































