Home education आमेट में शिक्षक के स्थानांतरण से ग्रामीणों में रोष

आमेट में शिक्षक के स्थानांतरण से ग्रामीणों में रोष

0

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

जल्द समाधान की मांग, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित

गौतम शर्मा, राजसमंद।

राजसमंद जिले की आमेट तहसील के काजीगुड़ा गांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में एक शिक्षक के स्थानांतरण को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने स्कूली बच्चों के साथ मिलकर विद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया और विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि विद्यालय में पहले ही शिक्षकों की कमी है और अब एक और शिक्षक का स्थानांतरण कर दिया गया है, जिससे बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है।

मामले की जानकारी मिलने पर सेलागुड़ा प्रशासक व सरपंच गंगा सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर समस्या को समझा और शिक्षा विभाग के अधिकारियों से जल्द शिक्षक नियुक्ति की मांग की। सरपंच गंगा सिंह ने कहा कि “बिना शिक्षक के स्कूल का संचालन संभव नहीं है। बच्चों की पढ़ाई रुक रही है, ऐसे में शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर असर पड़ रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी से स्थानांतरित शिक्षक को पुनः काजीगुड़ा स्कूल में नियुक्त करने की मांग की जा रही है ताकि बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो।”

ग्रामीणों ने भी बताया कि स्कूल में अध्यापक नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उनका कहना है कि यदि स्थायी समाधान नहीं किया गया तो बच्चों का भविष्य दांव पर लग जाएगा। उन्होंने प्रशासन से जल्द उचित व्यवस्था करने की मांग की है।

अब देखना होगा कि जिला शिक्षा अधिकारी ग्रामीणों की इस मांग पर क्या निर्णय लेते हैं और बच्चों की पढ़ाई को पुनः सुचारू रूप से शुरू करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version