Home latest नावां में दो दिवसीय दिव्यांगजन कैम्प का शुभारंभ

नावां में दो दिवसीय दिव्यांगजन कैम्प का शुभारंभ

0

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

पहले दिन 46 दिव्यांगों ने कराए रजिस्ट्रेशन, 29 को कार्ड वितरित, 7 रेफर

नावां, डीडवाना कुचामन।
रिपोर्टर – मनीष पारीक

डीडवाना जिले के नावां में अंबेडकर भवन में दो दिवसीय दिव्यांगजन कैम्प का शुभारंभ हुआ। जिला कलेक्टर महेंद्र खड़गावत के निर्देशों के तहत आयोजित इस कैम्प का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आवश्यक चिकित्सकीय सहायता और दिव्यांग प्रमाण पत्र प्रदान करना है। पहले दिन नावा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए दिव्यांगजनों ने कैम्प में जांच करवाई और लाभ प्राप्त किया।

खंड चिकित्साधिकारी डॉ. सौरभ जैन ने बताया कि पहले दिन 46 दिव्यांगजनों का रजिस्ट्रेशन किया गया, जिनमें से 29 दिव्यांगजनों को दिव्यांग कार्ड जारी कर लाभान्वित किया गया। वहीं 7 दिव्यांगों को उच्च संस्थान में आगे जांच के लिए रेफर किया गया। कैम्प का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों ने जांच करवाई।

कुचामन जिला अस्पताल से आई तीन सदस्यीय चिकित्सकों की टीम ने जांच प्रक्रिया को संपन्न कराया। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक कुमार ने विकलांग मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। एसडीएम दिव्या सोनी ने भी कैम्प का निरीक्षण कर दिव्यांगजनों को सुलभ तरीके से सहायता देने के निर्देश दिए।

डॉ. जैन ने बताया कि लंबे समय से नावां क्षेत्र में दिव्यांग कैम्प आयोजित करने की मांग की जा रही थी। जिला कलेक्टर ने दिव्यांगजनों की समस्याओं को देखते हुए कैम्प का आदेश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि जिन दिव्यांगजनों के अभी तक चिकित्सकीय विकलांग प्रमाण पत्र नहीं बने हैं, वे निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ कैम्प में पहुंच कर प्रमाण पत्र बनवा सकते हैं।

कैम्प में आने से पहले दिव्यांगजनों को ई-मित्र के माध्यम से स्वावलंबन पोर्टल पर आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन कर लाने होंगे। साथ में आधार कार्ड, जन आधार कार्ड, ऑनलाइन रसीद की दो प्रतियां और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लेकर आना अनिवार्य है ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इस आयोजन से क्षेत्र के दिव्यांगजनों को राहत मिलने की उम्मीद है और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version