लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
प्रतापगढ़ पुलिस ने नशे के बड़े कारोबार पर किया बड़ा वार
प्रतापगढ़। जिला पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 262 किलो 320 ग्राम अफीम डोडा-चूरा, जिसकी कीमत लगभग 40 लाख रुपए आंकी गई है, जब्त किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार और बाइक भी जप्त कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।
जलोदा जागीर थाना प्रभारी पूराराम ने बताया कि जिला पुलिस की विशेष टीम और जलोदा जागीर पुलिस टीम मादक पदार्थ तस्करी रोकने के लिए गजपुरा रोड पर नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान गुड़ाखेड़ा की ओर से एक बाइक सवार युवक आता दिखाई दिया। पुलिस की नाकाबंदी देखकर वह बाइक को तेज गति से भगाने लगा।
इसी बीच पीछे से एक कार भी तेज गति से गजपुरा रोड की ओर बढ़ी। पुलिस ने पीछा कर कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी में कार से 7 कट्टों में भरा अफीम डोडा-चूरा बरामद हुआ। पूछताछ में पता चला कि बाइक सवार युवक कार की एस्कॉर्टिंग कर रहा था।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार में सवार दो तस्करों और बाइक सवार युवक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के पिपलिया मंडी निवासी फारुख खान, विक्रम दमामी और वहिद खान के रूप में हुई।
पुलिस फिलहाल मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आगामी कार्रवाई जारी है।
