लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बीकानेर (विजय कपूर) – कांग्रेस के प्रदेश सचिव रामनिवास कुकणा ने अरावली बचाने की मांग को लेकर आज बीकानेर में राजकीय डूंगर महाविद्यालय से शहीद स्मारक तक पैदल कैंडल मार्च आयोजित किया। इस अवसर पर कांग्रेस और एनएसयूआई के सैकड़ों कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
कांग्रेस प्रदेश सचिव रामनिवास कुकणा ने कहा कि अरावली प्रदेश की जीवन रेखा है, लेकिन केंद्र सरकार सर्वोच्च न्यायालय का सहारा लेकर अरावली को नष्ट करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, “केंद्र सरकार जनता को गुमराह करने के लिए तरह-तरह के आदेश जारी कर रही है, लेकिन देश की जनता समझदार है। जब तक केंद्र सरकार अपने फैसले को वापस नहीं लेती, हमारी लड़ाई अरावली बचाने की जारी रहेगी।”
पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कृष्ण कुमार गोदारा ने कहा कि केंद्र सरकार की अरावली को खत्म करने की नीयत से युवाओं में भारी आक्रोश है। उन्होंने चेतावनी दी, “अगर सरकार ने समय रहते अपना फैसला नहीं बदला, तो हम आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार हैं।”
एनएसयूआई के बीकानेर शहर जिलाध्यक्ष हरीराम गोदारा ने कहा, “अरावली ने मरुस्थल के विस्तार को रोक रखा है। केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है कि वह इसे संरक्षित रखने के प्रयास करे। लेकिन सरकार इसके उल्टा अरावली को नष्ट करने का प्रयास कर रही है, जो असहनीय है।”
इस अवसर पर रोहित बाना, राजेश गेदर, मोहित चारण, गौरीशंकर कुमावत, पार्थ शर्मा, मोहित सैन, प्रद्युमन सिंह सोढ़ा, योगी बन्ना, दीपक गहलोत सहित सैकड़ों कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।