लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमंद। (गौतम शर्मा)। बारिश, अमन-चैन और क्षेत्र की खुशहाली की कामना को लेकर मंगलवार को काबरी महादेव मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन हुआ। जनकल्याण की भावना से 51 विद्वान पंडितों के विशेष मंत्रोच्चार के बीच करीब 35 हजार लीटर जल से सात घंटे तक भगवान शिव का सहस्त्रधारा रुद्राभिषेक किया गया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोलेनाथ के जयकारों से गूंज उठा।
विद्वान पंडित प्रकाश चंद्र जोशी और गोविंद शर्मा ने बताया कि जिले में अच्छी बारिश, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना को लेकर दिनभर धार्मिक अनुष्ठान किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु जल से भरी बाल्टियां लेकर कतारबद्ध होकर मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक किया। 51 पंडितों के सामूहिक मंत्रोच्चार से मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। 
आयोजन के दौरान पंडित विष्णु शर्मा सहित अन्य पंडितों ने भगवान शिव के भजनों की प्रस्तुति दी। इसके बाद भगवान शिव का विशेष श्रृंगार किया गया और महाआरती आयोजित हुई। आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव और बम-बम भोलेनाथ के जयकारे लगाए।
कार्यक्रम में राजसमंद उपजिला प्रमुख सोहनी देवी, समाजसेवी भंवरलाल गुर्जर, फियावड़ी सरपंच सुरेश चंद्र चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान राजसमंद प्रधान अरविंद सिंह, कालूसिंह, शंकरलाल, जितेंद्र शर्मा, गोविंद शर्मा, प्रशांत व्यास, सत्यनारायण खंडेलवाल, गौरव पाराशर, सुभाष दाधीच, चंद्रप्रकाश दाधीच, हर्षित, गिरीश शर्मा, राहुल शर्मा और नीलेश पालीवाल सहित काबरी, गलवा और जोधपुरा क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से क्षेत्र में अच्छी बारिश, किसानों की खुशहाली और सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।















































