लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
काबरी महादेव मंदिर पर पूर्बिया समाज के चुनाव संपन्न
चौबीसखेड़ा चोखला की जिला स्तरीय कार्यकारिणी का चुनाव, 92 सदस्यों ने किया मतदान; प्रकाशचंद्र कोषाध्यक्ष और रतनलाल बने सचिव
राजसमंद। काबरी महादेव मंदिर परिसर स्थित पूर्बिया समाज की सराय में पूर्बिया समाज चौबीसखेड़ा चोखला की जिला स्तरीय कार्यकारिणी के चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। अध्यक्ष पद के चुनाव में पिपली आचारियान निवासी लालूराम पूर्बिया ने महज एक वोट के अंतर से जीत दर्ज कर अध्यक्ष पद अपने नाम किया। चुनाव में समाज के कुल 92 सदस्यों ने मतदान किया।
अध्यक्ष पद पर कांटे की टक्कर के बाद एक वोट से जीत हासिल करने वाले लालूराम पूर्बिया के समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद समाजजनों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूलमालाओं से स्वागत किया।
प्रकाशचंद्र कोषाध्यक्ष, रतनलाल बने सचिव
चुनाव में कैलाश नगर के प्रकाशचंद्र पूर्बिया को कोषाध्यक्ष तथा नाथूवास के रतनलाल पूर्बिया को सचिव पद के लिए निर्वाचित किया गया। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचन समिति की ओर से सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई।
पंच-पटेल और युवाओं में दिखा उत्साह
समाज की जिला स्तरीय कार्यकारिणी के चुनाव को लेकर पंच, पटेल और युवाओं में विशेष उत्साह नजर आया। परिणाम सामने आने के बाद समाजबंधुओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का अभिनंदन किया।
इसके बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारी एवं समाजजन काबरी महादेव मंदिर पहुंचे और भगवान शिव के दर्शन किए। मंदिर परिसर में भगवान शिव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का संकल्प
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने समाज के विकास एवं उत्थान के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। साथ ही समाज के लोगों की सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में भागीदारी बढ़ाने तथा समाजहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
आसपास के गांवों से पहुंचे समाजबंधु
चुनाव कार्यक्रम में देवली, केलवा, मोही, पिपली आचारियान, बागुंदड़ा और कुंवारिया सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में समाज के पंचजन एवं समाजबंधु मौजूद रहे।
रिपोर्ट: गौतम शर्मा, राजसमंद
