लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बच्चों को बताए सुरक्षा और कानूनी अधिकार
‘ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे’ अभियान के तहत आयोजन, अपहरण और साइबर अपराध से बचाव के बताए तरीके
रिपोर्ट: गौतम शर्मा, राजसमंद
राजसमंद। रीको एरिया स्थित सेंट पॉल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में राजस्थान विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में विधिक जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण कानूनी एवं सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक करना और उन्हें सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।
विद्यालय प्राचार्य फादर जॉनी मैथ्यू ने बताया कि राजस्थान विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विद्यार्थियों में कानूनी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विद्यालयों में ‘ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत स्कूल में यह कार्यशाला आयोजित की गई।
अनजान लोगों से जानकारी साझा नहीं करने की दी सलाह
कार्यशाला की मुख्य वक्ता अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट, राजसमंद ज्योति शर्मा रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनी एवं सामाजिक विषयों की जानकारी देते हुए विशेष रूप से अपहरण जैसी घटनाओं से बचाव के उपाय बताए।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। बाहर जाते समय अभिभावकों को अपनी लोकेशन की जानकारी देते रहें और अनजान लोगों से कोई वस्तु या खाद्य पदार्थ लेने से बचें।
उन्होंने बच्चों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों या संबंधित अधिकारियों को जानकारी दें।
साइबर सुरक्षा को लेकर भी किया जागरूक
ज्योति शर्मा ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा और ऑनलाइन खतरों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने इंटरनेट और सोशल मीडिया का उपयोग करते समय सावधानी बरतने, व्यक्तिगत जानकारी एवं जरूरी दस्तावेजों को सुरक्षित रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों से बचने के उपाय समझाए।
उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में मदद लेने के लिए विभिन्न टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी और विद्यार्थियों को जरूरत पड़ने पर उनका सही तरीके से उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
मानसिक स्वास्थ्य और आत्म-सुरक्षा पर जोर
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को मानसिक रूप से मजबूत रहने के लिए नियमित ध्यान और योग करने की सलाह भी दी गई। विद्यार्थियों से कहा गया कि वे किसी भी परेशानी को अकेले न सहें, बल्कि भरोसेमंद अभिभावक, शिक्षक या जिम्मेदार व्यक्ति से अपनी बात साझा करें।
कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने लिया भाग
कार्यशाला में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने विभिन्न कानूनी एवं सामाजिक विषयों पर जानकारी प्राप्त की और कार्यशाला में गहरी रुचि दिखाई।
विद्यालय प्राचार्य फादर जॉनी मैथ्यू ने बताया कि कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और उपयोगी साबित हुआ। इससे विद्यार्थियों को अपने अधिकारों, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक होने का अवसर मिला।
विद्यालय प्रबंधन ने राजस्थान विधिक सेवा प्राधिकरण और मुख्य वक्ता ज्योति शर्मा का इस महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम के आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।
