लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
फार्मर आईडी और गिरदावरी कार्य में तेजी के निर्देश
अतिक्रमण, आबादी भूमि पट्टे, कोर्ट निर्णयों की पालना समेत विभिन्न राजस्व कार्यों की हुई समीक्षा
गंगधार, झालावाड़। राजस्व कार्यों के त्वरित निस्तारण और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रभावी क्रियान्विति को लेकर गंगधार तहसील में राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपखंड अधिकारी, गंगधार ने की।
बैठक में तहसील क्षेत्र में चल रहे विभिन्न राजस्व कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने अतिक्रमण, ऑनलाइन फसल गिरदावरी, किसान गिरदावरी, आबादी भूमि के पट्टों का पंजीयन और न्यायालय के निर्णयों की पालना सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
फार्मर आईडी रजिस्ट्रेशन पर विशेष जोर
बैठक में फार्मर रजिस्ट्री अभियान के तहत किसानों की फार्मर आईडी बनाने के कार्य को लेकर भी अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
गंगधार तहसीलदार ने बताया कि तहसील क्षेत्र में अभी भी बड़ी संख्या में किसानों की फार्मर आईडी बनना शेष है। उन्होंने किसान भाइयों से अपील की कि वे फार्मर आईडी बनवाने में राजस्व विभाग का सहयोग करें और समय रहते अपना पंजीयन पूरा करवाएं।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में किसानों को खाद-बीज खरीदने सहित विभिन्न कृषि संबंधी कार्यों में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए प्रत्येक पात्र किसान की फार्मर आईडी बनना जरूरी है।
बैठक में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राजस्व कार्यों के समयबद्ध निस्तारण के साथ-साथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
