लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
करमावास ग्राम पंचायत का मामला
समदड़ी। समदड़ी क्षेत्र की करमावास ग्राम पंचायत में वर्ष 2017 से कई पट्टा धारकों को पट्टे जारी नहीं किए जाने का मामला सामने आया है। इससे पट्टा धारकों में लगातार नाराजगी देखी जा रही है।
ग्रामीण गोविंदराम लोहार ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2017 में अपनी पत्नी सत्तू देवी के नाम से पट्टे के लिए आवेदन ग्राम पंचायत में जमा कराया था। आवेदन के समय उन्हें क्रमांक संख्या 5 की 60 रुपये की रसीद भी दी गई थी। लेकिन आवेदन के लगभग 9 वर्ष बीत जाने के बाद भी उन्हें पट्टा जारी नहीं किया गया।
गोविंदराम का कहना है कि वह नियमित रूप से ग्राम पंचायत के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिलता। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों को प्राथमिकता से पट्टे जारी किए गए, जबकि नियम अनुसार आवेदन करने के बाद भी उन्हें पट्टा नहीं मिला।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत में वर्षों से पट्टा संबंधित फाइलें लंबित पड़ी हैं और कई आवेदकों को अपने अधिकार के लिए बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि जब वे ग्राम पंचायत कार्यालय जाते हैं तो कई बार सरपंच या ग्राम विकास अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध नहीं मिलते। कर्मचारियों द्वारा भी स्पष्ट जानकारी नहीं दी जाती।
ग्रामीणों ने मांग की है कि लंबित पट्टा आवेदनों की निष्पक्ष जांच कर पात्र लोगों को जल्द पट्टे जारी किए जाएं, ताकि उन्हें अपने अधिकार का लाभ मिल सके।