जयपुर । मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के विशेषाधिकारी लोकेश शर्मा को प्रदेश कांग्रेस में अहम जिम्मेदारी दी गई है। कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस के वर्ष के आखिर में होने जा रहे विधानसभा चुनावों के समुचित प्रबंधन के लिए बनाए गए सेंट्रल वॉर रूम से जुड़ी एक कमेटी का गठन करते हुए इसके चेयरमैन और को-चेयरमैन की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। इस कमेटी में मुख्यमंत्री के ओएसडी लोकेश शर्मा को, को-चेयरमैन के रूप में नियुक्ति दी गई है। इसके अलावा शशिकांत सेंथिल सेंट्रल वॉर रूम के चेयरमैन नियुक्त किए गए हैं, जबकि लोकेश शर्मा के साथ ही जसवंत गुर्जर और कैप्टन अरविन्द कुमार को-चेयरमैन नियुक्त किए गए हैं।
बता दें लोकेश शर्मा मुख्यमंत्री के ओएसडी होने के साथ ही लम्बे समय से सीएम गहलोत के बेहद खास सिपहसालार भी हैं। वे सोशल मीडिया पर निरंतर सक्रिय रहते हुए राज्य सरकार और कांग्रेस पार्टी के खिलाफ बयानबाजी करने वाले शीर्ष भाजपा नेताओं पर प्रभावी पलटवार करते आए हैं। अनेक मौकों पर तथ्यों के साथ लोकेश शर्मा के जवाबों से बीजेपी को मुंह की खानी पड़ती है।
राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए और गांव-ढाणी तक युवाओं को प्रोत्साहित करने एवं इस मुहिम से जुड़ने के लिए शर्मा प्रदेशभर में युवा संवाद की पहल चला रहे हैं। इसके तहत वे अब तक लगभग 27 जिलों का दौरा कर चुके हैं जिसमें उन्होंने 120 से अधिक विधानसभाएं कवर की हैं। सोशल मीडिया और युवाओं के बीच लोकेश शर्मा का जबरदस्त क्रेज युवाओं को पार्टी के लिए कमर कस कर काम करने में अहम भूमिका निभाता है।
वहीं लोकेश शर्मा के राजनीतिक करियर की शुरुआत 1996 में कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई के साथ हुई थी। इसके बाद साल 2003 से वे निरंतर प्रदेश कांग्रेस में मीडिया प्रभारी और प्रदेश प्रवक्ता जैसे विभिन्न पदों पर रह चुके हैं। लोकेश शर्मा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का सम्पूर्ण सोशल मीडिया मैनेजमेंट करने जैसी अहम जिम्मेदारी भी निभाते आए हैं, वहीं 2018 के विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस पार्टी के लिए शर्मा का डिजिटली एवं फिजिकली अहम रोल रहा। वर्ष 2020 में राजस्थान सरकार पर आए सियासी संकट के समय सरकार बचाने में भी लोकेश शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। बहुचर्चित फोन टैपिंग के आरोप भी शर्मा पर लगे, जिसे लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में उन पर केस चल रहा है और आगामी 11 अक्टूबर को उस पर सुनवाई होनी है। गौरतलब है मौजूदा समय में लोकेश शर्मा प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों के लिए बीकानेर और भीलवाड़ा विधानसभा से टिकट के लिए दावेदारी जता चुके हैं।
