लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राज्यपाल बोले- मतदान लोकतंत्र का पावन अवसर
जयपुर, 11 सितंबर। राजस्थान में नगर निकाय आम चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान जारी है। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए मतदान किया। राज्यपाल सुबह 10:40 बजे केशवनगर सामुदायिक भवन, हॉल लेफ्ट स्थित मतदान भवन पहुंचे और मतदान किया।

खास बात यह रही कि राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने आम मतदाता की तरह कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार किया और मतदान किया। इस दौरान उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था में आम नागरिक की तरह अपनी जिम्मेदारी निभाई।
मतदान के बाद राज्यपाल ने कहा कि मतदान लोकतंत्र का पावन अवसर है। उन्होंने नगर निकाय चुनाव में प्रदेश के सभी मतदाताओं से निर्भीक और भयमुक्त होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।
राज्यपाल ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक मतदाता की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अधिकाधिक संख्या में मतदान करने का आह्वान किया और अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की।
नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रदेशभर में मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन और पुलिस की ओर से शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।