कोटपूतली बहरोड।मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के चहुंमुखी विकास और प्रदेशवासियों के कल्याण के लिए संकल्पित होकर निरंतर कार्य कर रही है। राज्य सरकार के नीतिगत फैसलों और जनकल्याणकारी योजनाओं से समाज का प्रत्येक वर्ग लाभान्वित हो रहा है। पिछले पांच वर्षों में राज्य ने आर्थिक, सामाजिक, चिकित्सा, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढांचे का विकास सहित सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की है।
गहलोत गुरुवार को कोटपूतली-बहरोड़ जिले के गांव काठूवास गांव में स्व. बिमला देवी एवं स्व. लेखराम ठेकेदार के प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि स्व. बिमला देवी एवं स्व. लेखराम ठेकेदार ने अपने परमार्थ कार्यों और समाज सेवा से जनमानस के पटल पर अमित छाप छोडी। उनके पैतृक गांव काठूवास में स्थापित ये प्रतिमाएं युवा पीढ़ी को हमेशा प्रेरणा देती रहेंगी।
सभा स्थल पर हजारों की संख्या में पहुंचे भीड के हुजुम को देखकर सीएम गदगद हो गये। उन्होंने कहा कि आप लोगों की इतनी बडी संख्या में उपस्थिति मंत्री टीकाराम जूली के प्रति आपके प्रेम और अपनत्व को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि शून्य से शिखर की ओर पहुंचे जूली के पिताजी ने सामाजिक सरोकार की दिशा में सरपंच पद पर रहते हुए जो उल्लेखनीय कार्य किए उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि अपने जीवन का लंबा सफर तय कर इस परिवार ने गांव काठूवास को एक विशेष पहचान दिलाई है।
राज्य की योजनाओं का अन्य प्रदेश भी कर रहे अनुसरण
गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गांरटी योजना, आरजीएचएस जैसी योजनाएं देश में मिसाल बनी हैं। अन्य राज्य भी राजस्थान की योजनाओें और फैसलों का अनुसरण कर रहे हैं। उन्होंने केन्द्र सरकार से अपील की है कि वे भी राज्य सरकार की योजनाओं का अध्ययन कराकर देशभर में ऐसी योजनाएं लागू करें।
राजस्थान सामाजिक सुरक्षा में सिरमौर
गहलोत ने कहा कि राजस्थान सामाजिक सुरक्षा में देश में सिरमौर बनने जा रहा है। राज्य सरकार लगभग 1 करोड़ लोगों को न्यूनतम 1 हजार रुपए मासिक सामाजिक सुरक्षा पेंशन दे रही है, जिसमें प्रतिवर्ष 15 प्रतिशत स्वतः वृद्धि का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य कर्मचारियों के प्रति मानवीय दृष्टिकोण को ध्यान में रखकर ओल्ड पेंशन स्कीम फिर से लागू की गई। आरजीएचएस के माध्यम से राज्यकर्मियों को केशलेस इलाज की सुविधा दी जा रही है। जिससे राजस्थान के कर्मचारी देश में सम्मान के पात्र बन गए हैं।
महंगाई से मिली राहत, बढ़े रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने महंगाई राहत कैम्प के माध्यम से प्रदेशवासियों को 10 विभिन्न योजनाओं का लाभ देकर महंगाई से राहत प्रदान की। बेरोजगारी दूर करने के लिए लगभग 3 लाख नियुक्तियां दी जा रही हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेशभर में 100 मेगा जॉब फेयर आयोजित कर युवाओं को रोजगार के अतिरिक्त अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। महात्मा गांधी नरेगा योजना में ग्रामीणों को 100 से बढ़ाकर 125 दिन का रोजगार दिया जा रहा है तथा शहरी क्षेत्रों में भी इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना के तहत 125 दिन का रोजगार उपलब्ध करवाया जा रहा है।
जनहित में बनाए कई कानून
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेशवासियों के हित में राइट टू हैल्थ एक्ट, राजस्थान न्यूनतम आय गांरटी कानून, गिग वर्कर्स वेलफेयर एक्ट, किसानों की जमीन कुर्की से बचाने का कानून जैसे कई महत्वपूर्ण कानून बनाए हैं। इन कानूनों की देश में ही नहीं विदेशों में भी सराहना हो रही है।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री टीकाराम जूली ने लोकदेवता भर्तृहरि बाबा के जयकारें के साथ अपनी बात रखी। इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने दोनों हाथ उठाकर खुले मन से तालियों की गडगडाहर से उनका अभिभावदन किया। अपने स्व. पिता को नमन करते हुए उनके सम्बोधन में कहा कि आप सा ना कोई मिला, आपके आदर्शों की छाया है। आपने उंगली पकडकर इस मिट्टी पर चलना सिखाया, आपने ही मुझे मानवता का पाठ पठाया। उन्होंने अपने स्व. पिताजी लेखराम ठेकेदार की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए उनके संघर्षपूर्ण जीवन में आमजन को रूबरू कराया। उन्होंने सीएम गहलोत के सामने अलवर जिले को संभाग, फुट ओवर ब्रिज निर्माण तथा औद्योगिक क्षेत्र काठूवास में कोरिडोर बनवाने की मांग भी रखी।
कार्यक्रम से पूर्व अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रवासियों की ओर से सीएम गहलोत का बड़ी माला पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के अंत में राजस्थान प्रदेश एवं देश से पधारे मंच पर उपस्थित अतिथियों ने स्व. ठेकेदार जी के जीवन संघर्ष और लिखी गई स्मारिका का विमोचन भी किया। मंत्री जूली ने इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में पधारे आमजन का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने दिव्यांग स्कूटी योजना के तहत लाभार्थियों को स्कूटी वितरित की। कार्यक्रम में गृह राज्यमंत्री राजेन्द्र सिंह यादव, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री शकुंतला रावत, विधायक प्रशांत बैरवा, दीपचंद खेरिया, जौहरी लाल मीणा, कांति मीना, जुबेर खान, योगेश मिश्रा, दीपेन्द्र सिंह हुड्डा, चंडी ओमान, काजी निजामुद्दीन, जसवंत गुर्जर, हिम्मत सिंह पटेल, राव दानसिंह, राव नरेन्द्र सिंह, देवेन्द्र यादव, अमृता धवन, डॉ. करणसिंह यादव, शेर मोहम्मद, संजीव बारेठ, कृष्ण मुरारी गंगावत, अजय अग्रवाल, महिपाल यादव, अभय सैनी, ललित यादव, डॉ. रामसिंह यादव, अनिता यादव, हिम्मत चौधरी, संजय गर्ग, जफरू खान, नरेन्द्र सावित्री मीना, योगेश मीना, वंदना व्यास, कविता यादव, कमलेश सैनी, रोहताश चौधरी, समसु जाटोली, महंत सुन्दरलाल, बच्चू चौधरी, हजारी लाल मीना, शिवलाल गुर्जर, विश्राम गुर्जर, योगेश मेहता, विलायती सरपंच, उमरदीन खान, इन्दर मीना, सपात खान, सम्मा प्रधान, शिवचरण, मुरारी लाल, राजेन्द्र प्रसाद, श्रीराम, मोहनलाल, ताराचंद, हनुमान प्रसाद, कैप्टन फूलचंद, जगदीश, कैप्टन ईश्वर सिंह, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।
