धौलपुर। खबर राजस्थान के धौलपुर जिले से है जहां सब्जी लेने बाजार गई एक 14 साल की नाबालिग बच्ची का कार सवार सात युवकों ने अपहरण कर लिया और उसके साथ कार में ही बारी-बारी से दुष्कर्म किया। पुलिस में मुकदमा दर्ज होने के बाद बालिका की निशानदेही पर पुलिस ने 7 युवकों में से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया , अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक मनीष शर्मा ने बताया कि 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ कार में किए गए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में 26 वर्षीय रामकेश मीणा पुत्र प्रह्लाद सिंह मीणा और 22 वर्षीय गौतम पुरी गोस्वामी निवासी कुरावली थाना कंचनपुर जिला धौलपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों धारा की पुलिया पर पुलिस के हत्थे चढ़ गए । शेष आरोपियों की तलाश के लिए पुणे पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।
बालिका के पिता का दोस्त बनकर बिठाया बाइक पर
पुलिस ने बताया कि जब बालिका सब्जी लेने बाजार गई तो एक युवक बालिका के पिता का दोस्त बन कर उसे अपनी बाइक पर बैठा कर ले गया। बाइक सवार युवक ने बालिका को कार सवार अपने दोस्तों के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद सात युवकों ने चलती गाड़ी में रात भर बालिका के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया और बेहोश होने पर घर के पास पटक कर भाग गए। इसके बाद घटना की जानकारी बालिका ने परिजनों को दी परिजनों ने पुलिस को दी और पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार करेगी। इस घटना से लोगों में आक्रोश व्याप्त है और घटना को लेकर निंदा भी की जा रही है।
