करौली। जिले के नादौती कस्बे में एक दलित युवती की तेजाब डालकर हत्या के शव को कुएं में फैंकने के पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर राज्यसभा सांसद डॅा. किरोड़ी लाल मीणा बीती रात से धरने पर बैठे है। मीणा का समर्थन करने राजसमंद की सांसद दीया कुमारी और भरतपुर की सांसद रंजीता कोली भाजपा कार्यकर्ताओं सहित धरना स्थल पर पहुंची। यहां पहुंचकर उन्होंंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की उन्हें ढांढस बंधाया। मीणा का आरोप है कि परिजनों के अनुसार मृतका का पिता विदेश में मजदूरी करता है मृतक परिवार के साथ गांव में रहती है। जो दो दिन से लापता थी। बाद में उसकी लाश कुंए में मिली। मृतका का चेहरा जला हुआ था। जिससे साफ है कि उसे मारने से पहले तेजाब फैंका गया था। जिससे उसकी पहचान नहीं हो सके. हत्यारे तीन- चार की संख्या में हो सकते है। जिन्होंने मृतका के साथ दुष्कर्म जैसी अपराध को अंजाम दिया हो। इसकी पुष्टि मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आ जाएगी। किरोड़ी लाल मीणा ने सरकार से मृतका के परिजनों को ऐसिड एटैक की श्रेणी मानते हुए तुरंत मुआवजा देने और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की है। मांगे माने जाने तक वे आंदोलन जारी रखेंगे। शव का अंतिम संस्कार नहीं कराएंगे। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में दलित समाज और सर्व समाज के लोग भी पहुंच रहे है। सभी ने घटना की निंदा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
किरोड़ी मीणा, दीया कुमारी और रंजीता कोली का आरोप है कि गहलोत सरकार में दलितों पर अत्याचार बढ़ गए है। दलितों की बहन- बेटियों के साथ आए दिन दुष्कर्म और हत्या होना आम बात है। दलितों के साथ गहलोत सरकार में सबसे ज्यादा अत्याचार हुए है। ऐसे में सरकार को इन अपराधों पर अंकुश लगाना चाहिए। इसके जो भी दोषी है उन्हें सजा मिलनी चाहिए।
