सरकार की हर योजना से अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति को लाभान्वित करें -उप मुख्यमंत्री
बजट घोषणाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए उप मुख्यमंत्री डॉ. बैरवा ने ली अधिकारियों की बैठक
राजसमंद। ( गौतम शर्मा ब्यूरो चीफ ) राज्य सरकार की बजट घोषणाओं के साथ ही अब पूरी प्रशासनिक मशीनरी तेजी से इन घोषणाओं के त्वरित क्रियान्वयन में जुट गई है। रविवार को उप मुख्यमंत्री और राजसमंद जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा ने राजसमंद का दौरा किया। यहाँ उन्होंने कलेक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ बैठक की और बजट घोषणाओं की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत-2047’ अभियान एवं मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के ‘आपणो अग्रणी राजस्थान’ की संकल्पना को साकार करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। बजट में प्रदेश के लिए ऐतिहासिक घोषणाएं की गई है और सर्व जन कल्याण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।

बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री डॉ. बैरवा ने एक-एक कर सभी विभागों की घोषणाओं पर संबंधित अधिकारियों से चर्चा की और आगे की तैयारियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को भूमि चिन्हित करने से लेकर घोषणाओं को धरातल पर उतारने तक के कार्य को बिना विलंब के पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस बैठक में राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी, कुंभलगढ़ विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़, जिला प्रमुख रतनी देवी, जिला प्रभारी सचिव विकास सीताराम भाले, जिला कलक्टर डॉ. भंवर लाल, समाजसेवी मान सिंह बारहठ, पूर्व विधायक बंशीलाल खटीक, माधव जाट, पूर्व चेयरमेन अशोक राँका, प्रधान अरविन्द सिंह राठौड़, नर्बदा शंकर पालीवाल सहित अन्य मौजूद रहे। एडीएम नरेश बुनकर ने बैठक का संचालन किया एवं पीपीटी प्रेजेंटेशन दिया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वे त्याग और शौर्य की भूमि राजसमंद के प्रभारी मंत्री बनने पर हर्ष की अनुभूति कर रहे हैं एवं वे राजसमंद के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उप मुख्यमंत्री डॉ. बैरवा ने विशेष रूप से उन घोषणाओं पर जोर दिया जो स्थानीय जनता के जीवन स्तर को सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की यह प्राथमिकता है कि बजट घोषणाओं का लाभ आम जनता तक जल्द से जल्द पहुँचे। इसके लिए सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय और तत्परता से कार्य करने की आवश्यकता है।
बैठक के दौरान डॉ. बैरवा ने अधिकारियों से कहा कि सभी अधिकारियों की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान होना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और तत्परता से निभाएं और यह सुनिश्चित करें कि राज्य सरकार की सभी योजनाओं और परियोजनाओं का लाभ जनता तक शीघ्रता से पहुँचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से जनसुनवाई करें और जनता की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित निवारण करें। बैठक में प्रभारी सचिव विकास सीताराम भाले ने भी अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं को लेकर चर्चा की। बैठक के अंत में जिला कलक्टर डॉ भंवर लाल ने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन समस्त घोषणाओं की समय पर क्रियान्विति सुनिश्चित करेगा।