लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की पांचवीं किश्त किसानों के खातों में हस्तांतरित
जयपुर। जयपुर सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और राज्य की मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना मिलकर किसानों की आय बढ़ाने की मजबूत ढाल बन चुकी हैं। उन्होंने कहा, “अब भाजपा सरकार है, इसलिए किसानों से केवल वादे नहीं किए जाते, बल्कि सम्मान सीधे उनके खातों में पहुंचता है।”
गुरुवार को राजस्थान राज्य लोक प्रशासन संस्थान, जयपुर में आयोजित मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना कार्यक्रम में सांसद मंजू शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की पांचवीं किश्त प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से किसानों के बैंक खातों में भेज दी है। इससे छोटे और सीमांत किसानों को सीधा आर्थिक संबल मिला है।
सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि किसान केवल अन्नदाता नहीं, बल्कि प्रदेश की आर्थिक रीढ़ हैं, और उनकी आय बढ़ाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत समय पर किश्त जारी होने से यह साबित होता है कि सरकार किसानों से किए गए हर वादे को निभा रही है। इस राशि से किसान बीज, खाद, सिंचाई और अन्य खेती संबंधित खर्चों को पूरा कर सकेंगे।
सांसद ने आगे कहा कि पहले योजनाएं अक्सर कागजों और बिचौलियों तक सिमट जाती थीं, लेकिन भाजपा सरकार ने DBT व्यवस्था के माध्यम से पारदर्शिता और ईमानदारी की नई मिसाल कायम की है। उनका कहना था, “किसान को लाइनों में नहीं, सीधे खाते में सम्मान मिलना चाहिए—यही सुशासन है।”
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, किसान संगठनों के पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।