लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मन की बात की 129वीं कड़ी:
‘मन की बात’ देश की उपलब्धियों पर गर्व करने का अवसर
— मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
जयपुर | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 129वीं कड़ी में देशवासियों को संबोधित किया। वर्ष 2025 की यह अंतिम कड़ी थी। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने वर्ष 2025 के दौरान देश को विभिन्न क्षेत्रों में मिली उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए विश्वास जताया कि वर्ष 2026 विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि में एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर आमजन के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना।
2025 में उपलब्धियों से भरा रहा भारत का सफर
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वर्ष 2025 में भारत ने अंतरिक्ष, विज्ञान, तकनीक, खेल और पर्यावरण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रयागराज में महाकुंभ के आयोजन और अयोध्या में मंदिर में हुए ऐतिहासिक ध्वजारोहण ने हर भारतीय को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में देश नई उम्मीदों और संकल्पों के साथ आगे बढ़ने के लिए तैयार है।
युवा शक्ति भारत की सबसे बड़ी ताकत
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की युवा शक्ति के कारण पूरी दुनिया को देश से बड़ी उम्मीदें हैं। युवा अपनी मेहनत, लगन और रचनात्मकता से राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि स्वामी विवेकानंद की जयंती पर विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग–2026 का आयोजन किया जाएगा, जो युवाओं के लिए अपने विचार और सुझाव साझा करने का बड़ा मंच होगा।
प्रधानमंत्री ने स्मार्ट इंडिया हैकेथॉन–2025 में युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी और भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc) में आयोजित होने वाले गीतांजलि कार्यक्रम का भी उल्लेख किया।
आत्मनिर्भर भारत की प्रेरक कहानियां
प्रधानमंत्री ने मणिपुर में सौर ऊर्जा के माध्यम से बिजली समस्या के समाधान, बांस से बने हस्तशिल्प उत्पादों और फूलों की खेती से महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की प्रेरक कहानियों का जिक्र किया। साथ ही उन्होंने जम्मू-कश्मीर की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत और कच्छ रणोत्सव की भी सराहना की।
स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने का आह्वान
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अगले महीने देश 77वां गणतंत्र दिवस मनाएगा। उन्होंने ओडिशा की स्वतंत्रता सेनानी पार्वती गिरि का उदाहरण देते हुए कहा कि कई ऐसे योगदानकर्ता रहे हैं जिन्हें अपेक्षित सम्मान नहीं मिल पाया। पार्वती गिरि ने स्वतंत्रता आंदोलन के साथ-साथ अनाथालयों की स्थापना कर समाज सेवा में अहम भूमिका निभाई।
भारतीय भाषाओं का वैश्विक प्रसार
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय भाषाएं आज दुनिया भर में अपनी पहचान बना रही हैं। दुबई में कन्नड़ पाठशाला की शुरुआत और फिजी में तमिल दिवस का आयोजन इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। देश में काशी तमिल संगमम जैसे आयोजनों से भाषाई एकता को मजबूती मिल रही है, जिससे हिंदी भाषी राज्यों के बच्चे भी तमिल जैसी भाषाएं सहजता से सीख रहे हैं।
स्वास्थ्य को लेकर भी दी अहम सलाह
प्रधानमंत्री ने एंटीबायोटिक दवाओं के बेवजह इस्तेमाल पर चिंता व्यक्त करते हुए चिकित्सकीय परामर्श के बिना इनके प्रयोग से बचने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने स्वस्थ जीवन के लिए नियमित व्यायाम को दिनचर्या का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का संदेश
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2025 में राजस्थान सहित पूरे देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। ‘मन की बात’ कार्यक्रम देश की उपलब्धियों पर गर्व करने और निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर विधायक डॉ. गोपाल शर्मा, पूर्व विधायक रामलाल शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।