लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
आमजन को बेहतर व त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित हों
अस्पतालों में दवा और जांचों की प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश
— मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
आरजीएचएस का दुरुपयोग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
जयपुर | मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार आमजन को बेहतर, सुलभ और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पतालों में दवा वितरण और जांच सेवाओं की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए।
मुख्यमंत्री रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
एंबुलेंस व मातृ सेवाओं पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री शर्मा ने 108 एंबुलेंस सेवा, 104 जननी एक्सप्रेस और ममता एक्सप्रेस सेवाओं के सुचारु एवं सुगम संचालन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपातकालीन और मातृ स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अनियमितताओं पर कठोर कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री ने विभागीय योजनाओं में अनियमितता और दुरुपयोग के मामलों में कठोरतम दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार आरजीएचएस (राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम) का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
स्कूलों में नेत्र जांच शिविरों की समीक्षा
बैठक में मुख्यमंत्री ने राजकीय विद्यालयों में संचालित नेत्र जांच शिविरों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को संभागवार शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद स्कूली छात्र-छात्राओं को समय पर चश्मे उपलब्ध कराए जाएं, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों पर सकारात्मक प्रभाव पड़े।
लापरवाही पर सख्त रुख
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री कार्यालय तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।