लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) से एक दिन पूर्व जोधपुर में योग को लेकर उत्साह चरम पर दिखाई दिया। सूर्यनगरी के विभिन्न क्षेत्रों में सरकारी, गैर-सरकारी संस्थाओं और आमजन ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। पर्यटन नगरी जोधपुर के ऐतिहासिक हेरिटेज स्थलों पर भी योग कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को योग के प्रति जागरूक किया गया।
इसी क्रम में गौशाला मैदान में राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत के नेतृत्व में भव्य योग कार्यक्रम आयोजित हुआ। मरुधरा संस्था द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग, निजी संस्थाओं, योग विशेषज्ञों और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में ध्यान योग, पावर योगा और विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। साथ ही योग विशेषज्ञों ने एरोबेटिक योग का आकर्षक प्रदर्शन भी किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत ने कहा कि योग दिवस से पूर्व ऐसे आयोजनों का उद्देश्य लोगों में योग के प्रति जागरूकता और उत्साह बढ़ाना है, ताकि अधिक से अधिक लोग 21 जून को योग दिवस कार्यक्रमों में भाग लें। उन्होंने सभी नागरिकों से नियमित योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने और अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योगाभ्यास करने की अपील की।