लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
चौमहला (झालावाड़)। गंगधार थाना क्षेत्र के चौमहला कस्बे में एक युवक का शव कुएं में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सूरज शर्मा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार सूरज शर्मा शुक्रवार देर रात करीब 11:30 बजे घर के बाहर घूम रहा था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए और उसकी तलाश शुरू की। युवक के दोस्त भी खोजबीन में जुट गए। तलाश के दौरान वे बाबूलाल राठौड़ के खेत स्थित कुएं के पास पहुंचे, जहां सूरज की चांदी की अंगूठी, चांदी का कड़ा और जूते मिले। 
इसके बाद ग्रामीणों ने कुएं में तलाश की तो अलसुबह करीब 5 बजे सूरज शर्मा का शव कुएं से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना गंगधार थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया।
पुलिस ने मृतक के परिजनों के पर्चा बयान दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।