लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
50 साल की जरूरतों को ध्यान में रख होगी विकास योजना
अजमेर से संवाददाता : नितिन मेहरा
अजमेर। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को अजमेर रोडवेज बस स्टैण्ड का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जर्जर भवनों, गंदगी और पीने के पानी की अव्यवस्था पर कड़ी नाराजगी जताई और तुरंत सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ जिला कलक्टर लोक बंधु, रोडवेज के कार्यकारी निदेशक चांदमल वर्मा व अन्य अधिकारी मौजूद थे।
मुख्य निर्देश:
-
जर्जर भवनों का उपयोग बंद किया जाए और तीन दिन में मरम्मत/ध्वस्तीकरण का प्रस्ताव तैयार कर भेजा जाए।
-
सफाई व्यवस्था सुधारी जाए और विशेष अभियान चलाकर अतिरिक्त कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए।
-
पीने के पानी की मशीनें व नल ठीक किए जाएं, जंग लगे नल व टूटी जालियों की मरम्मत तुरंत हो।
-
वर्कशॉप को जयपुर रोड पर शिफ्ट करने की प्रक्रिया एक महीने में पूरी की जाए।
-
नगर निगम भूमि आवंटन की कार्यवाही शीघ्र पूरी करे।
देवनानी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की बजट घोषणा के तहत बस स्टैण्ड के नए भवन का विकास इस तरह किया जाए कि अजमेर की आगामी 50 वर्षों की आवश्यकता को पूरा कर सके। इसमें बसों के ठहराव, दुकानों और कार्यालयों के लिए पर्याप्त स्पेस उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि स्वच्छता और सुरक्षा में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, तय समय सीमा में सभी कार्यों की पालना सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त देशल दान, अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर गजेन्द्र सिंह राठौड़ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।