लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
बच्चों संग बैठकर सुनी कविताएं-कहानियां, भोजन और दूध की गुणवत्ता का लिया जायजा
राजसमंद।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी सोमवार सुबह कुंभलगढ़ उपखंड क्षेत्र के भोपजी की भागल ग्राम स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचीं। यहां उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद किया और उपलब्ध कराए जा रहे भोजन व दूध की गुणवत्ता की जांच की।
बच्चों के प्रति स्नेह और सरल स्वभाव का परिचय देते हुए उपमुख्यमंत्री स्वयं उनके साथ जमीन पर बैठीं और कविताएं-कहानियां सुनकर दुलार व आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि –
“आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों की नींव मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं और राज्य सरकार उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।”
बच्चों संग बिताए आत्मीय पल
निरीक्षण के दौरान बच्चों ने कविताएं और कहानियां सुनाकर उपमुख्यमंत्री का मन मोह लिया। दिया कुमारी ने बच्चों के ज्ञान स्तर को परखा और उन्हें जीवन में सफलता के लिए आशीर्वाद दिया। उन्होंने इस बात पर संतोष जताया कि बच्चों को पोषणयुक्त भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनी, दिए समाधान के निर्देश
इस अवसर पर ग्रामीणों ने उपमुख्यमंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं भी रखीं, जिन पर उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि –
“हर बच्चे को प्रारंभिक शिक्षा और पोषणयुक्त वातावरण मिलना चाहिए, क्योंकि यही उनके उज्ज्वल और सशक्त भविष्य की नींव है।”
उपस्थित जनप्रतिनिधि और अधिकारी
निरीक्षण के दौरान कुंभलगढ़ विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़, जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल, उपखंड अधिकारी साक्षी पुरी, समेकित बाल विकास सेवाएं उपनिदेशक दीपेंद्र सिंह राठौड़, समाजसेवी माधव जाट, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अशोक रांका सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।